जयपुर: मुख्य सचेतक डॉ महेश जोशी ने राजीव गांधी खेल रत्न का नाम बदलने पर बीजेपी पर पलटवार किया तथा कहा,केंद्र सरकार ने राजनीतिक द्वेषतावश राजीव गांधी खेल रत्न का नाम बदला। इससे खेल और खिलाडियों का कोई हित नहीं होने वाला। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का देश ही नहीं दुनियाभर में सम्मान है। अच्छा होता कि नाम बदलने के बजाए मेजर ध्यानचंद के नाम पर नया पुरस्कार शुरू किया जाता । पुरस्कारों की संख्या बढ़ाई जाती तो खिलाडियों का उत्साहवर्धन होता।
पूर्व PM राजीव गांधी पुरस्कार से वर्षों से खिलाडियों का उत्साहवर्धन होता रहा है। पूर्व PM राजीव गांधी पुरस्कार का नाम बदलना दुर्भाग्यपूर्ण है। डॉ. जोशी ने आरोप लगाया कि बीजेपी की केंद्र सरकार चाहे बीजेपी की पूर्व राज्य सरकार केवल नाम बदलने की राजनीति करते हैं। काम की बात करते नहीं मन की बात करके जनता को भ्रमित करते हैं। जनता सब देख समझ रही है, आने वाले समय में इन सबके लिए जनता इन्हे जवाब देगी।
