टोक्यो : टोक्यो ओलिंपिक में भारत की ओर से मेडल के दावेदार पहलवान बजरंग पूनिया सेमीफाइनल मुकाबला हार गए। अजरबैजान के हाजी अलीयेव ने उन्हें 12-5 से हराया। अलीयेव 57 किलोग्राम में रियो 2016 के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट और 61 किलोग्राम में 3 बार के वर्ल्ड चैंपियन हैं। अब बजरंग पूनिया शनिवार को ब्रॉन्ज मेडल के लिए अखाड़े में उतरेंगे। शुरुआती मिनट में ही बजरंग ने एक पॉइंट की बढ़त बना ली थी। लेकिन, अजरबैजान के पहलवान ने बजरंग पर उन्हीं का दांव लगा दिया। फीतले दांव की मदद से अजरबैजान के पहलवान ने बजरंग के खिलाफ कई पॉइंट बटोरे।
क्वार्टर फाइनल में की थी जबरदस्त वापसी
क्वार्टर फाइनल में बजरंग एक समय 1-0 से पिछड़ रहे थे। इसके बाद आखिरी मिनट में बजरंग ने 2 पॉइंट हासिल किए। फिर उन्होंने ईरानी पहलवान को चित करते हुए मुकाबले से ही बाहर कर दिया। बजरंग को विक्ट्री बाय फॉल रूल से विजेता करार दिया गया। सेमीफाइनल में भी जब डेढ़ मिनट बाकी रह गए थे, तब बजरंग ने फीतले दांव लगाने की कोशिश की। लगा कि वे वापसी कर लेंगे, लेकिन दांव उल्टा पड़ा और बजरंग 2 पॉइंट गंवा बैठे। इसके बाद उनकी वापसी असंभव हो गई।
