Headlines

शिक्षा विभाग में प्रमोशन, अघोषित तबादलों का मूवमेंट हुआ एकाएक तेज़

बीकानेर: अजमेर में शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने दो-चार दिन ही मेहमान होने के संकेत दिए थे। उसी के बाद फाइलों का मूवमेंट तेज हो गया है। डोटासरा ने कहा था कि मुझसे जो भी काम कराना है, वह दो-चार दिन में करवा लो। तत्काल कर दूंगा। इस बयान का वीडियो वायरल होने के साथ ही स्टाफ की सक्रियता बढ़ गयी है। करीब महीनों से अटके प्रमोशन और पोस्टिंग फटाफट होने की उम्मीद जगी है। खासकर जिला शिक्षा अधिकारी के पौने तीन सौ पदों पर पोस्टिंग के आदेश सोमवार रात या मंगलवार सुबह तक जारी हो जाएंगे। वहीं, डिप्टी डायरेक्टर पद पर भी प्रमोशन हो गए है।

पोस्टिंग की कवायद

गत 16 जून को जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के 274 पदों पर प्रमोशन हुआ था। तब से अब तक इनकी पोस्टिंग नहीं की गई। अब अचानक पोस्टिंग की कवायद शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि सोमवार देर रात जयपुर से पोस्टिंग आदेश जारी हो जाएंगे। इसमें बीकानेर, जयपुर, जाेधपुर सहित सभी बड़े जिलों में जिला शिक्षा अधिकारी बदल सकते हैं। शिक्षा निदेशालय में भी कुछ फेरबदल हो सकता है। प्रमोट हुए जिला शिक्षा अधिकारियों को निदेशालय में पदस्थापित किया जाएगा।

अब तक लेटलतीफी

संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा के 15 पदों पर प्रमोशन की फाइल लंबे समय से अटकी हुई थी। कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही थी। अब अचानक इस पोस्ट पर RPSC (राजस्थान लोक सेवा आयोग) अजमेर से प्रमोशन हो गए हैं। इसी तरह डिप्टी डायरेक्टर के पदों पर भी प्रमोशन हुए हैं। खुद शिक्षा मंत्री ने इस आदेश की जानकारी सोशल मीडिया पर दी है। खास बात ये है कि डिप्टी डायरेक्टर के 2 पद भी क्रियेट (सृजित) किए गए हैं। एक बीकानेर में और दूसरा अजमेर में।

फाइलें जयपुर तलब

शिक्षा मंत्री स्तर पर निर्णय की कई महत्वपूर्ण फाइलें भी जयपुर पहुंच रही हैं। बताया जा रहा है कि शिक्षा राज्य मंत्री गोविन्द डोटासरा ने आला अधिकारियों को ये कहते हुए तलब किया है कि उनके स्तर पर निर्णय के लिए पेंडिंग सभी फाइल लेकर जयपुर आ जाएं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक   भी डीपीसी के लिए अजमेर गए हैं, जो वहीं से सीधे जयपुर जाएंगे। माना जा रहा है कि हाल ही में नियमों में फेरबदल की फाइल को भी आज-कल में हरी झंडी मिल जाएगी। शिक्षा विभाग के पंजीयक कार्यालय में भी मंत्री बदलने की खबर के बाद से खलबली मची हुई है। यहां भी कई लंबित कार्यों को फटाफट निपटाने की कवायद चल रही है।

बढ़ सकते हैं डेपुटेशन

यह भी माना जा रहा है कि मंत्री बदलने से पहले शिक्षा विभाग में कई टीचर का डेपुटेशन हो सकता है। खासकर शिक्षा मंत्री के गृह जिले सीकर व विधानसभा लक्ष्मणगढ़ में बड़ी संख्या में डेपुटेशन और शिक्षण व्यवस्था के आदेश हुए हैं। तबादलों से पहले अघोषित तबादलों के आदेश भी जारी होने की उम्मीद की जा रही है।

ये भी पढ़िए: मैं दो-पांच दिन का मेहमान हूं: डोटासरा, वीडियों हो रहा हैं वायरल

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *