Google Doodle Champion Island Games : जापान के टोक्यो में आज से टोक्यो ओलंपिक 2020 का आगाज हो गया है। इस खास मौके पर गूगल ने अनोखा एनिमेटेड डूडल चैंपियन आइलैंड गेम्स लॉन्च किया है। जिसमें सात मिनी गेम्स, लीजेंडरी प्रतिद्वंद्विंयों औऱ दर्जनों प्रतियोगिता को एनिमेटेड रूप में दिखाया गया है। गूगल के डूडल में दिलचस्प बात यह है कि गूगल ने इस डूडल के माध्यम से यूजर को गेम खेलने का मौका दिया है।
गूगल ने इसका नाम डूडल चैंपियन आइलैंड गेम्स (Google Doodle Champion Island Games) रखा है। इसमें यूजर रियल टाइम लीडरबोर्ड के साथ नींजा कैट गेम खेल सकता है। यूजर चार टीम ब्ल्यू, ग्रीन, येलो और रेड के साथ गेम खेल सकता है। जिन सात मिनी गेम्स को दिखाया गया हैं, वे हैं- टेबल टेनिस, स्केटबॉर्डिंग, तीरंदाजी, रग्बी, तैराकी, क्लाइंबिंग और मैराथन।
फाइनल तक खेलने वालों को गूगल की तरफ से ट्रीट
गूगल चैंपियन आइलैंड गेम्स (Google Doodle Champion Island Games) के लिए कटसीन एनिमेशन और इसके कैरेक्टर को टोक्यो के ही एनिमेशन स्टूडियो ने डेवलप किया है। इस बेहतरीन एनिमेशन को विकसित करने वाले क्रिएटर ने कहा, सबसे पहले हमने देशभर की कहानियों और लोककथाओं के ऐसे पात्रों की खोज की जो देश में बहुत अधिक लोकप्रिय है।
इसके बाद हमने इन लोककथाओं और इसके पात्रों को विभिन्न गेम्स के साथ सामंजस्य बिठाया और एनिमेशन में इसका इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया, हमें उम्मीद है कि लोग इन गेम्स का आनंद उठाएंगे और इसे अंत तक खेलेंगे। इस मिनी गेम्स को पूरा करने वाले भाग्यशाली लोगों के चेहरे पर फूलों और डैंगोस (तीन रंग वाली पेस्ट्री) के साथ खुशियां बरसेंगी। यह दुनिया के लोगों के लिए ट्रीट होगा।
