Headlines

ACB का धमाका : IRS शशांक यादव की गाड़ी में मिले 16 लाख 32 हजार रुपए

कोटा: राजस्थान के कोटा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB)शनिवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कोटा की टीम ने अफीम महाप्रबंधक, गाज़ीपुर (उत्तर प्रदेश) शशांक यादव (IRS) की गाड़ी से 16 लाख 32 हजार 410 रुपए बरामद किए है। शशांक पर नीमच (मध्य प्रदेश) फैक्ट्री का अतिरिक्त चार्ज है। यह कार्रवाई हैगिंग ब्रिज टोल नाके के पास चेकिंग के दौरान हुई। इतनी बड़ी राशि को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं देने पर ACB ने शशांक यादव को पकड़ा है। यह रकम अफीम किसानों से पट्टे जारी करने व अफीम की क्वालिटी अच्छी बताने के एवज में रिश्वत के रूप में वसूली गई थी।

मिली थी शिकायत

कोटा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ACB ठाकुर चन्द्रशील ने बताया कि शशांक यादव के खिलाफ शिकायत मिली थी। इसमें बताया गया था कि अफीम फैक्ट्री नीमच में लाइसेंसी काश्तकारों की अफीम भेजी जाती है। इससे पहले यहां अफीम सैम्पलों की जांच का काम चल रहा है। अफीम में गाढ़ता व मारफीन प्रतिशत के हिसाब से ही नारकोटिक्स विभाग काश्तकारों को पट्टे जारी करता है।

काश्तकारों के सैंपल की जांच

ACB के ASP चंद्रशील के मुताबिक, शशांक यादव के द्वारा अफीम फैक्ट्री नीमच से राजस्थान के लाइसेंसी काश्तकारों की अफीम जमा की जाती है। वर्तमान में फैक्ट्री को अफीम देने वाले मध्य प्रदेश व राजस्थान के काश्तकारों के सैंपल की जांच हो रही है। ASP के मुताबिक अफीम लैब के अजीत सिंह व कोडिंग टीम के दीपक कुमार यादव ने दलालों के जरिए 6 हजार से ज्यादा किसानों से 10/12 आरी के पट्टे दिलवाने के नाम पर 30 से 36 करोड़ रुपए एडवांस वसूल कर लिए हैं। अभी भी 40 हजार से अधिक किसानों की अफीम की जांच होनी बाकी है।

गाजीपुर जाने की सूचना

ACB को सूचना मिली थी कि शशांक यादव नीमच आया है। अवैध रूप से वसूल किए गए लगभग 15 लाख रुपए लेकर पुलिस का लोगो लगी हुई स्कॉर्पियो गाड़ी से चित्तौड़गढ़- कोटा होता हुआ गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) जाएगा। इसके बाद ACB की टीम ने कोटा-उदयपुर हाइवे पर हैंगिंग ब्रिज टोल नाके पर आकस्मिक चेकिंग की। पुलिस का लोगो लगी हुई स्कॉर्पियो गाड़ी में शशांक यादव आया। तलाशी में उसके पास से एक मिठाई के डिब्बे से 15 लाख रुपए, लैपटॉप का बैग और पर्स से 1 लाख 32 हजार 410 रुपए बरामद हुए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *