चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस में चल रहे झगड़े को सुलझाने की कवायद तेज हो गई है। कांग्रेस के खेमे में पंजाब से लेकर दिल्ली तक हलचल है। कांग्रेस के सीनियर नेता हरीश रावत ने कैप्टन अमरिंदर सिंह से मुलाकात की है। मुलाकात के बाद हरीश रावत ने कहा कि आलाकमान जो भी फैसला लेगा उसे कैप्टन अमरिंदर सिंह मानेंगे। रावत ने कहा कि अमरिंदर सिंह ने अपना पुराना बयान दोहराया है और कहा है कि जो कुछ भी फैसला कांग्रेस अध्यक्ष लेंगी उसका वह पालन करेंगे।
अमरिंदर से हरीश रावत की मुलाकात के बीच नवजोत सिंह सिद्धू पदयात्रा पर हैं। सिद्धू बारी-बारी से कांग्रेस के कई नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने पंजाब के कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ के साथ पंचकूला में उनके निवास पर लंबी बैठक की। नवजोत सिंह सिद्धू विधायकों, मंत्रियों और कांग्रेस के नेताओं का समर्थन हासिल करने के लिए एक-एक विधायक के घर जा रहे हैं।
अब तक इन नेताओं से मिले सिद्धू
नवजोत सिंह सिद्धू की मुलाकातों का दौर जारी सबसे पहले सुबह पार्टी के वर्तमान अध्यक्ष अध्यक्ष सुनील जाखड़ से मुलाकात की। उसके बाद सिद्धू चंडीगढ़ के सेक्टर 39 में अमरिंदर समर्थक सहित अपने समर्थकों, मंत्रियों से मुलाकात की। सबसे पहले उन्होंने सुखजिंदर सिंह रंधावा उसके बाद बलबीर सिंह सिद्धू उसके बाद लाल सिंह से मुलाकात की। वह इस समय गुरप्रीत सिंह कांगड़ से मुलाकात कर रहे हैं।
