जयपुर। धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को सख्ती से बंद करने वाली गाइड-लाइन जारी करने वाली प्रदेश सरकार की पार्टी कांग्रेस ही सबसे पहले इस गाइड लाइन को तोड़ती नजर आई। देश में पेट्रोल डीजल इंधन और जरूरत की चीजों के दामों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का आज जो बड़ा प्रदर्शन हुआ। उसमें भारी भीड़ के रूप में कांग्रसी सड़कों पर प्रदर्शन करते नजर आएं। दो गज की दूरी और भीड़भाड़ नहीं करने की सख्त और कानूनी हिदायत देने वाली गाइडलाइन की सरकार में शामिल मंत्री व विधायक तक अनदेखी करते नजर आएं। कुछ लोगों के चेहरे पर मास्क भी नजर नहीं आया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय से यह रैली रवाना होकर शहीद स्मारक पर पहुंची जहां सभा तक का आयोजन किया गया। इस रैली की अगुवाई प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, ऊर्जा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, स्वास्थ्य राज्य मंत्री सुभाष गर्ग, मुख्य सचेतक महेश जोशी और अन्य विधायक अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ इस रैली में शामिल हुए। महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने 7 जुलाई से 11 दिवसीय आंदोलन का आव्हान किया था उसका आज समापन था। इस समापन रैली को मंत्रियों व प्रदेश के पदाधिकारियों ने संबोधित भी किया।

