जयपुर: राजस्थान में मानसून के प्रवेश करने के साथ ही मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया है। इसी के साथ राजस्थान के शेखावाटी और अलवर बेल्ट में आज जमकर बारिश हुई। जयपुर के आमेर में वॉच टावर पर गिरी आकाशीय बिजली का कहर अभी लोग भूले भी नहीं उससे पहले ही प्रदेश के 6 अलग-अलग जिलों में आज फिर बिजली गिरने से 7 जनों की मौत हो गई, जबकि एक जगह अन्य स्थान पर बिजली गिरने से 23 पशु मर गए। मौसम विभाग ने 18 जुलाई तक प्रदेश के अलग-अलग इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें भारी बारिश होने के साथ-साथ कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग से मिली रिपोर्ट के मुताबिक आज सीकर में काफी तेज बारिश हुई। इसी तरह चूरू, झुंझुनूं के पिलानी में, जोधपुर और अजमेर में बारिश हुई है। बारिश होने से उमस से परेशान लोगों को मामूली राहत मिली। इधर नागौर और चित्तौड़गढ में भी देर शाम तेज बारिश शुरू हो गई। जयपुर की स्थिति देखे तो सुबह से उमस और चिपचिपी गर्मी हो रही है। देर शाम जयपुर शहर में कई जगह काले घने बादल भी छाए, लेकिन बरसे नहीं।
बिजली गिरने से 7 मरे
प्रदेश में आकाशीय बिजली का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। आज जोधपुर के भोपागढ़ ब्लॉक के देवातड़ा में बिजली गिरने से एक 8 साल की बच्ची की मौत हो गई। वहीं भीलवाड़ा के जाखड़ गांव में बिजली गिरने से भीलों का खेड़ा निवासी एक व्यक्ति मौके पर ही मर गया। बिजली जिस समय गिरी उस समय युवक खेत में अपनी पत्नी के साथ काम कर रहा था, तभी अचानक बिजली गिरी और युवक मौके पर ही मर गया। वहीं युवक की पत्नी भी बिजली गिरने के बाद झुलस गई, जिसे उपचार के लिए हॉस्पिटल भिजवाया गया। इधर चितौड़गढ़ के शंभूपुरा क्षेत्र के सावा में एक महिला और नागौर जिले में नावां के पास नृसिंहपुरा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से लड़की की मौत हो गई। दौसा जिले के लवाण में बिजली गिरने से दाे छोटे बच्चे झुलस गए। इधर पाली के तखतगढ़ में मंगलवार देर रात बिजली गिरने से 23 मवेशी मर गए।
आकाशीय बिजली का कहर
राजधानी जयपुर के आमेर इलाके की पहाड़ियों पर रविवार शाम आकाशीय बिजली कहर बनकर गिरी है। जहा मौसम का लुफ्त उठाने गये 11 लोगो के शव मिलने के साथ ही 9 से अधिक लोगों के घायल हो गए है। इस प्रकार पूरे प्रदेश में 25 जने बिजली गिरने से मर गए है।
