जयपुर : प्रदेश में किसी भी एक्सीडेंट में घायल होने वाले लोगों का अब राजस्थान के सभी सरकारी हॉस्पिटलों में मुफ्त इलाज मिलेगा। सरकारी हॉस्पिटल में आए घायल व्यक्ति या उसे वहां लाने वाले किसी भी व्यक्ति से कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। सरकार की इस सुविधा के दायरे में राज्य के साथ-साथ दूसरे राज्य के व्यक्ति भी शामिल है। हालांकि ये घायलों के मुफ्त इलाज की सुविधा राज्य के सभी सरकारी के साथ-साथ प्राइवेट हॉस्पिटल में भी शुरू होनी थी, लेकिन अब इस सुविधा को केवल सरकारी हॉस्पिटल में ही शुरू किया गया है।
जब भी राज्य में बाहर से आए किसी व्यक्ति का एक्सीडेंट हो जाता है तो उन्हें उपचार तब तक नहीं मिल पाता था जब तक कोई घायल की पहचान और पुलिस कार्यवाही नहीं हो पाती है। इसके अलावा कई लोग जो घायलों की मदद भी करते है तो वे बाद में अस्पताल में इलाज पर होने वाले खर्च को देखकर मदद करने से पीछे हट जाते है।
इन सभी स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अहम फैसला लिया है। इस साल बजट भाषण में घोषणा भी हुई थी। घोषणा के मुताबिक राज्य में सड़क दुर्घटना में घायल तमाम व्यक्तियों का बिना किसी पहचान और पात्रता पूछे चाहे वह किसी भी राज्य का हो उसका इलाज राज्य के प्राइवेट और सरकारी हॉस्पिटल में मुफ्त किया जाएगा। जानकारी के अनुसार एक्सीडेंट के इलाज का खर्चा सरकार चिरंजीवी योजना के तहत उठाएगी।
