Headlines

जयपुर में आज वैक्सीनेशन ठप, एक भी सेंटर पर टीकाकरण नहीं

जयपुर : प्रदेश में बने वैक्सीनेशन के रिकॉर्ड के बाद से वैक्सीन का संकट शुरू हो गया है। भले ही बीच-बीच में वैक्सीन की खेप आई हो, लेकिन लगातार वैक्सीन की कमी के चलते हर दिन किसी न किसी जिले में वैक्सीनेशन बंद करना पड़ता है। आज जयपुर शहर में किसी भी सेंटर पर वैक्सीन नहीं लगाई जा रही। वहीं जयपुर के अलावा अन्य कई ऐसे जिले हैं, जहां वैक्सीन लगने की संभावना कम है।

जयपुर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. नरोत्तम शर्मा ने बताया कि रविवार देर शाम तक हम वैक्सीन का इंतजार करते रहे, लेकिन हमें एक भी डोज नहीं मिली। शनिवार को भी वैक्सीन कम होने के कारण कुछ ही सेंटर पर वैक्सीनेशन हुआ था। आज वैक्सीन की डोज नहीं होने के कारण शहरी इलाके में किसी भी सेंटर पर वैक्सीनेशन नहीं हाेगा। उन्होंने बताया कि आज वैक्सीन की खेप आने की उम्मीद है, ऐसे में मंगलवार को ही वैक्सीन लगाने का अभियान शुरू होने की संभावना है। इधर जयपुर ग्रामीण इलाके में भी अमूमन जहां 100 से 125 सेंटर चलते हैं वहां आज केवल 18 ही साइट चलाई जा रही है।

7 जिलों में नहीं लगी एक भी डोज

राजस्थान में रविवार को वैक्सीनेशन तो हुआ, लेकिन केवल 380 सेंटर्स पर ही। पूरे राज्य में केवल 76,992 लोगों को ही डोज लगी। वहीं 33 में से 7 जिले सीकर, प्रतापगढ़, झुंझुनूं, चूरू, चित्तौड़गढ़, बूंदी और बाड़मेर में तो वैक्सीन की एक भी डोज नहीं लगी। 25 जून को राज्य में मेगा वैक्सीनेशन अभियान चलाया था, उस दौरान 10.45 लाख से ज्यादा लोगों को एक ही दिन में डोज लगाने का नया रिकॉर्ड बनाया था। उस दिन के बाद से लगातार वैक्सीनेशन का संकट बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *