लंदन: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के फाइनल मुकाबले से कमेंट्री की दुनिया में कदम रखा। फाइनल मैच में वे खूब एक्टिव दिखे और सोशल मीडिया पर फैंस को साउथैम्पटन के बारे में लगातार अपडेट देते रहे। इसके बाद उन्हें श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच मैच में भी कमेंट्री करने का अवसर मिला।
इंग्लैंड में मौजूद दिनेश कार्तिक ने गुरुवार को क्रिकेट के बल्ले की पड़ोसी की बीवी से तुलना की थी। केकेआर के पूर्व कप्तान ने कहा,”बल्लेबाज और बैट को ना पसंद करना यह दोनों चीजें हाथ से हाथ मिलाती हुई चलती हैं। ज्यादातर बल्लेबाजों को उनका बल्ला पसंद नहीं होता है। वह दूसरो के बैट ज्यादा पसंद करते हैं। बैट जो है वह पड़ोसी की पत्नी की तरह होता है। वह हमेशा ही बेहतर फील करता है।’
कार्तिक ने आलोचना के बाद मांगी माफ़ी
दिनेश कार्तिक को सोशल मीडिया पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा। कार्तिक ने कहा, ‘पिछले मैच में जो हुआ उसके लिए मैं माफी मांगना चाहता हूं। यह वास्तव में मेरा इरादा नहीं था। मुझे यह सब गलत लगा। मैं सभी से माफी मांगता हूं। यह निश्चित रूप से सही बात नहीं है।’ उन्होंने आगे कहा मुझे वास्तव में खेद है, ऐसा दोबारा नहीं होना चाहिए। इसके लिए मुझे मेरी पत्नी और मां से काफी फटकार पड़ी।
वनडे वर्ल्ड कप के बाद से टीम से बाहर हैं कार्तिक
कार्तिक 2019 वर्ल्ड कप के बाद से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने भारत की तरफ से अपना आखिरी मैच सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। कार्तिक ने भारत के लिए 26 टेस्ट, 94 वनडे और 32 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं।
टेस्ट मैचों में उन्होंने 25 की औसत से 1025 रन बनाए। वहीं, वनडे में 30.20 की औसत से 1752 रन बनाए। टी-20 में उनके नाम 33.25 की औसत से 399 रन दर्ज हैं। कार्तिक 2007 टी-20 वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम इंडिया का भी हिस्सा रहे हैं।
