Headlines

राही सरनोबत ने शूटिंग वर्ल्ड कप में जीता गोल्ड, ओलिपिंक से पहले यह आखिरी टूर्नामेंट

क्रोएशिया: आर्चरी वर्ल्ड कप के तीसरे चरण में चार गोल्ड जीतने के बाद ISSF World Cup में भी भारतीय महिला खिलाड़ी ने गोल्ड पर निशाना लगाया। ओलंपिक का टिकट हासिल कर चुकी भारतीय निशानेबाज राही सरनोबत ने क्रोएशिया के ओसियेक में चल रहे आईएसएसएफ विश्व कप में महिलाओं की 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। वहीं युवा खिलाड़ी मनु भाकर सातवें स्थान पर रहीं। विश्व कप में भारत के लिए यह पहला स्वर्ण पदक है। इससे पहले भारतीय निशानेबाजों ने एक रजत और दो कांस्य पदक जीते हैं।

अब तक भारत टूर्नामेंट में एक गोल्ड, एक सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर छठे नंबर पर काबिज है। रूस 10 मेडल जिसमें 4 गोल्ड, 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज के साथ टॉप पर काबिज है।

क्वालीफाइंग राउंड में राही दूसरे और मनु भाकर तीसरे स्थान पर रहीं

वहीं 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल के क्वालीफाइंग राउंड में राही 591 अंकों के साथ दूसरे और मनु 588 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। हालांकि फाइनल में मनु बेहतर नहीं कर पाईं। भाकर ने इससे पहले सौरव चौधरी के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता था।

उन्होंने इससे पहले सरनोबत और यशस्विनी देसवाल के साथ महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम का कांस्य पदक जीता था। इससे पहले, चौधरी ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत कांस्य पदक जीता था। टोक्या ओलंपिक से पहले यह भारतीय निशानेबाजी टीम का अंतिम टूर्नामेंट है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *