Headlines

कांग्रेस ने कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए शुरू किया आउट रीच कार्यक्रम

जयपुर। कोरोना महामारी से पीड़ित जनता को राहत पहुॅंचाने की मंशा से प्रदेश कांग्रेस ने राजस्थान में आउट रीच कार्यक्रम प्रारम्भ किया है । इसके लिए 5500 से अधिक कोरोना वॉरियर्स ब्लॉक व नगर स्तर पर नियुक्त किये जायेंगे जो 11 लाख से अधिक कोरोना प्रभावित परिवार जो रोजगार अथवा भोजन व अनाज की कमी से पीड़ितों से सम्पर्क कर अपनी रिपोर्ट तथा फीडबैक प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगे। प्रदेश कांग्रेस इस रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवारों की सहायता के लिये राज्य सरकार से राहत योजना बनाने की अनुशंसा करेगी।

यह जानकारी राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने आज पत्रकारों को देते हुए बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 30 दिन तक आउट रीच कार्यक्रम चलाया जायेगा तथा इसके माध्यम से जो डेटा प्राप्त होगा उसके अनुसरण में पीड़ितों को चिन्हित कर हर प्रकार की सहायता सरकार एवं संगठन द्वारा प्रदान की जायेगी।
उन्होंने राज्य सरकार की ओर से घोषित कोरोना में अनाथ हुए बच्चों और विधवा हुई महिलाओं के लिए पैकेज की भी जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता को कोरोना महामारी से बचाने हेतु मुफ्त जॉंच एवं मुफ्त दवाईयां सहित सरकारी अस्पतालों में मुफ्त ईलाज की व्यवस्था की तथा कोई भूखा ना सोये इसके लिये गरीबों को मुफ्त अनाज सहित नकद राशि प्रदान कर पीडि़तों को सहायता पहुॅंचाई।

उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार द्वारा कोरोना महामारी से निपटने हेतु जो प्रबंधन किया गया उसकी तारीफ चारों ओर हो रही है। वहीं केन्द्र सरकार के विफल होने के कारण देश एवं विदेश में मोदी सरकार की घोर निन्दा हुई है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान कांग्रेस के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आमजन को यथासम्भव सहायता पहुॅंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस की प्रदेश सरकार द्वारा कोरोना महामारी के दौरान किये गये बेहतरीन प्रबंधन की तारीफ भाजपा के प्रभारी महामंत्री अरूण सिंह भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रभारी महामंत्री अरूण सिंह राजस्थान आकर राजस्थान के चुने हुए प्रतिनिधियों को धमकाने का कार्य कर रहे हैं, यह राजस्थान की परम्परा नहीं है। उन्होंने कहा कि पोस्टर पर किसकी फोटो लगेगी या नहीं लगेगी यह बात किसी को समझ नहीं आती है तो समझा दी जायेगी, इस तरह की भाषा का प्रयोग करना राजस्थान की परम्परा के विपरीत है तथा उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता आज कह रहे हैं कि भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री का कोई चेहरा नहीं होता बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे पर ही चुनाव लड़े जाते हैं जबकि इतिहास गवाह है कि सन् 2013 के विधानसभा चुनावों में भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने प्रदेशाध्यक्ष वसुंधरा राजे को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया था। इसी प्रकार सन् 2018 में तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने वसुंधरा राजे को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया था किन्तु आज भाजपा में जब आपसी टकराव चरम पर है तथा भाजपा बिखराव की ओर है तो भाजपा नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। डोटासरा ने वैक्सीन तथा कोरोना प्रबंधन पर भी केंद्र के खिलाफ सवाल खड़े किए और प्रदेश के भाजपा नेताओं व सांसदों को घेरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *