जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच चल रही खींचतान अब पोस्टर और ट्वीटर वॉर में तब्दील हो गई है। पायलट समर्थकों ने राजधानी के गांधीनगर में एक बड़ा हॉडिंग लगाकर इस पोस्टर वॉर की शुरूआत की है। इसी के साथ ट्वीटर में #पायलट_आ_रहा_है आज सुबह से ही ट्रेंड कर रहा है। पायलट 1 लाख 02 हजार से अधिक समर्थकों के साथ एक नम्बर पर ट्रेंड कर रहे है।

लाठी खाते पायलट की संघर्ष गाथा है पोस्टर (होर्डिंग्स) में
पोस्टर्स में भी समर्थकों ने PCC अध्यक्ष के रूप में सचिन पायलट के संघर्ष को दर्शाया गया हैं। गांधीनगर में पायलट समर्थक विधायक वेदप्रकाश सोलंकी के आवास के बाहर जो एक बड़ा हॉर्डिंग लगाया गया है उसमें लिखा है- राजस्थान ने देखा है, हम सबने देखा है। नीचे किसी नेता के नाम की जगह टीम सचिन पायलट लिखा हुआ है। इस हॉर्डिंग में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के तौर पर विपक्ष में रहकर सचिन पायलट के सड़क पर पुलिस की लाठियां खाने की चार तस्वीर लगाई गई है। पहली तस्वीर में पुलिस के लाठीचार्ज में पायलट को लगी चोट की तस्वीर है, दूसरी तस्वीर में पानी से भगे हुए और तीसरी तस्वीर में पायलट को पुलिस गला पकड़कर उपर उठा रही है। इन तस्वीरों के जरिए पायलट के संघर्ष को दिखाया है।
पोस्टर में तस्वीरें यूथ कांग्रेस के विधानसभा प्रदर्शन की
पोस्टर में जो तस्वीरें शामिल की हैं उनमें दो तस्वीर 3 मार्च 2015 की हैं। उस वक्त यूथ कांग्रेस ने भूमि अधिग्रहण बिल के खिलाफ विधानसभा पर प्रदर्शन की है। इस प्रदर्शन पर पुलिस लाठीचार्ज में सचिन पायलट, यूथ कांग्रेस के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरिंदर राजा, तत्कालीन यूथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक चांदना सहित 20 से ज्यादा नेता-कार्यकर्ता घायल हुए थे।
