जयपुर: पेट्रोल पंप मामले में HPCL, कोटा जोन में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने HPCL के एक और सेल्स मैनेजर वंदित कुमार (34) को सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।
एसपी समीर कुमार सिंह के मुताबिक मामले में अब तक HPCL के डिप्टी जनरल मैनेजर राजेश सिंह, एक सेल्स मैनेजर वंदित कुमार, दलाली कर रहे दो पेट्रोल संचालक किशन विजय व प्रदीश वर्मा के अलावा रिश्वत के लेनदेन में सहयोगी बने दो युवकों अविनाश और कपिल विजय सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पेट्रोल पंप संचालकों से वसूली का खेल
अजमेर एसीबी के एसपी समीर कुमार सिंह के मुताबिक सर्च में सामने आया है कि एचपीसीएल के कोटा डिवीजन में डिप्टी जनरल मैनेजर राजेश सिंह दलालों के जरिये कोटा जोन के विभिन्न पेट्रोल पंप संचालकों से रिश्वत वसूल रहा था। रिश्वत की यह रकम मासिक बंधी के रुप में डीजीएम राजेश सिंह तक पहुंचती थी। रविवार दोपहर को एसीबी की गिरफ्त में आए डीजीएम राजेश सिंह को सोमवार को कोर्ट में पेशकर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। इसके अलावा दोनों पेट्रोल पंप संचालकों सहित तीन आरोपियों को जेल भेज दिया।
ये भी पढ़े: ACB का शिकंजा: HPCL डिप्टी जनरल मैनेजर सहित दो सेल्स मैनेजरों पर कार्रवाई
दलाल ने भतीजे के जरिये पेट्रोल पंप संचालक से 2 लाख रुपए वसूले
एसपी समीर कुमार सिंह सिंह के मुताबिक टोंक जिले में अलीगढ़ तहसील में बजरंग पेट्रोल पंप के मालिक किशन विजय एचपीसीएल के डीजीएम राजेश सिंह के दलाल के रुप में काम करता था। राजेश सिंह आरोपी किशन विजय के जरिये ही कोटा जोन में पेट्रोल पंप संचालकों से रिश्वत वसूलता था।

सर्च में सामने आया कि दलाली करने वाले पेट्रोल पंप संचालक किशन विजय ने अपने भतीजे कपिल विजय के जरिये निवाई में दीक्षा पेट्रोल पंप के मालिक प्रदीश वर्मा से दो लाख रुपए रिश्वत की रकम इकट्ठा की थी। लेकिन चाचा भतीजे ने डीजीएम राजेश सिंह को दो लाख रुपए देने के बजाए एक लाख रुपए ही दिए। बाकी एक लाख रुपए दोनों दलालों ने अपने पास रख लिया।
रविवार को पकड़े गए थे डीजीएम सहित चार आरोपी, एक अफसर का घर सील
एसीबी अजमेर की टीम ने जयपुर में कपिल विजय व उसके भतीजे किशन विजय के जरिये रिश्वत लेने पहुंचे डीजीएम राजेश सिंह व उसकी गाड़ी चला रहे अविनाश को धरदबोचा। मौके पर रिश्वत की रकम एक लाख रुपए बरामद कर ली। उसके बाद पेट्रोल पंप संचालक प्रदीश वर्मा को भी डिटेन कर लिया। पांचों लोगों के पकड़े जाने के बाद वंदित कुमार को गिरफ्तार किया गया। जबकि अजमेर में एचपीसीएल के सेल्स मैनेजर अजय सिंह का घर सील कर दिया। वह पकड़ा नहीं जा सका है।
ये भी पढ़े: अजमेर ACB ने HPCL के एरिया मैनेजर और दलाल को रिश्वत लेते किया गिरफ्तार
