नई दिल्ली: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार से दो बार मुलाकात करने को लेकर प्रशांत किशोर के तीसरा मोर्चा बनाने को लेकर अटकलें जारी हैं। इस बीच प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि तीसरा या चौथा मोर्चा भारतीय जनता पार्टी (BJP) को टक्कर दे सकता है। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए विपक्षी मोर्चे में अपनी भूमिका से भी इनकार किया है।
एक न्यूज़ चैनल से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक हालातों में तीसरे मोर्चे की कोई भूमिका नहीं है। प्रशांत किशोर का ये बयान ऐसे समय आया है, जब शरद पवार से उनकी मुलाकात को तीसरे मोर्चे की एकजुटता के तौर पर देखा जा रहा था।
बता दें कि प्रशांत किशोर और एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने सोमवार को मुलाकात की थी। इससे पहले, पवार के मुंबई स्थित घर पर 11 जून को दोनों की मीटिंग हो चुकी थी। सोमवार की मुलाकात के कुछ देर बाद ही पवार ने मंगलवार दोपहर 4 बजे राष्ट्र मंच की बैठक का ऐलान किया था। राष्ट्र मंच वह संगठन है, जिसे यशवंत सिन्हा ने जनवरी 2018 को मोदी सरकार के खिलाफ बनाया था।
कोरोना के बाद विपक्ष की पहली बैठक
कोरोना महामारी के बाद आज यानी मंगलवार को पहली बार विपक्षी पार्टियों के नेता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की बजाय एक जगह इकट्ठा होकर बैठक करेंगे। राष्ट्र मंच के बैनर तले हो रही बैठक में 15 दलों के नेता शामिल हो सकते हैं। राष्ट्र मंच की बैठक में एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार पहली बार हिस्सा लेंगे। फिलहाल, ये मंच राजनीतिक मोर्चा नहीं है, लेकिन भविष्य में इसके तीसरा मोर्चा बनने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
एनसीपी नेता नवाब मलिक के मुताबिक, इस बैठक में राजनेताओं के अलावा कई अन्य नामी लोगों को भी बुलाया गया है। बैठक के लिए वरिष्ठ वकील केटीएस तुलसी, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी, पूर्व राजदूत केसी सिंह, गीतकार जावेद अख्तर, फिल्म निर्माता प्रीतिश नंदी, वरिष्ठ वकील कोलिन गोंजालविस, मीडिया पर्सनैलिटी करण थापर और आशुतोष को भी न्योता दिया गया है।
