Headlines

जूनियर रेजीडेन्ट चिकित्सकों के 1054 अस्थायी पद सृजित

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोविड-19 संक्रमण की विकट परिस्थितियों के दृष्टिगत चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अस्थायी रूप से 1 हजार 54 जूनियर रेजीडेन्ट के पद सृजित करने को मंजूरी दी है। ये पद एक जुलाई 2021 से 30 सितम्बर 2021 तक केे लिए स्वीकृत किए गए हैं।

सीएम गहलोत के इस निर्णय से प्रदेश के चिकित्सालयों में कोविड-19 महामारी की विषम परिस्थितियों से निपटने में आसानी होगी। चिकित्सकों की उपलब्धता होने से चिकित्सा व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चल सकेंगी।

एंडोक्राइनोलॉजी के सहायक आचार्य का एक-एक पद स्वीकृत

मुख्यमंत्री गहलोत ने बीकानेर एवं जोधपुर के चिकित्सा महाविद्यालयों मे एंडोक्राइनोलॉजी विभाग में सहायक आचार्य के एक-एक पद सृजित करने की मंजूरी दी है। वर्तमान में हार्मोन संबंधी बीमारियों के मामलों में वृद्धि के साथ ही कोविड-19 संक्रमण में एंडोक्राइनोलॉजी विशेषज्ञ की सेवाओं की आवश्यकता दृष्टिगत हुई है। मुख्यमंत्री ने चिकित्सा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दृष्टि से मितव्ययता परिपत्र के प्रावधानो में शिथिलता देते हुए इन पदों के सृजन की स्वीकृति दी है।

जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में न्यूरो इंटरवेन्शन लैब को मंजूरी

मुख्यमंत्री गहलोत ने जोधपुर के मथुरादास माथुर चिकित्सालय में न्यूरो इंटरवेन्शन लैब की स्थापना के प्रस्ताव तथा आवश्यक उपकरणों के लिए 10 करोड़ रूपए के अतिरिक्त प्रावधान को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से मथुरादास माथुर अस्पताल के न्यूरो सर्जरी विभाग में चिकित्सा सुविधाएं और सुदृढ़ हो सकेगी तथा न्यूरो साइंस से जुड़े जटिल रोगो के निदान में आसानी होगी।

उल्लेखनीय है कि सीएम गहलोत ने वित्तीय वर्ष 2020-21 के बजट में यह लैब स्थापित करने की घोषणा की थी। इस क्रम में उन्होंने न्यूरो इंटरवेन्शन लैब को स्थापित करने तथा इसके लिए आवश्यक उपकरणों की खरीद की स्वीकृति दी है।

Read More: अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना में विद्यार्थियो का चयन जिलेवार मेरिट के आधार पर होगा

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *