जयपुर। राज्य सरकार कोविड वैक्सीनेशन (Covid Vaccination) के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए अलग से फंड उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वैक्सीनेशन कार्य में अग्रणी रहने वाली पंचायतों को प्रोत्साहन देने के लिए जल्द ही योजना तैयार की जाए।
सीएम गहलोत (CM Gehlot) गुरूवार को मुख्यमंत्री निवास पर कोविड वैक्सीनेशन (Covid Vaccination) में सहभागिता एवं जागरूकता बढ़ाये जाने के उद्देश्य से आयोजित वीडियो काॅन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए वैक्सीन कारगर उपाय है। वार्ड स्तर तक के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संगठनों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, खिलाड़ियों, स्वयं सहायता समूह सहित समाज में प्रभाव रखने वाले प्रबुद्धजनों को वैक्सीनेशन अभियान में सामाजिक जिम्मेदारी निभानी होगी। वैक्सीन का सुरक्षा कवच देकर ही हम संक्रमण की अगली लहर से प्रदेशवासियों को बचाने में कामयाब हो पाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैक्सीनेशन के लिए राज्य सरकार ने पूरी तैयारी कर रखी है। केन्द्र सरकार की ओर से वैैक्सीन की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तो अगले दो माह में प्रदेश में निर्धारित आयुवर्ग के शेष बचे सभी लोगों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के वैक्सीन लग चुकी थी, उन्हें संक्रमण की दूसरी लहर ने अधिक प्रभावित नहीं किया और ऐसे लोगों के जीवन को खतरा भी कम रहा।
Read More: कोरोना की तीसरी लहर से बचना है तो वैक्सीनेशन, मास्क और प्रोटोकॉल का पालन जरुरी
