मुंबई : दक्षिणी पश्चिमी मानसून ने महाराष्ट्र के कई जिलों में दस्तक दी है, वहीं इस मानसून की मुंबई (Mumbai Rain) में पहुंच हो चुकी है। यहां बुधवार सुबह से बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने मुंबई में अगले तीन दिन तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। साथ ही बुधवार को हाईटाइड की चेतावनी भी जारी की है। तेज बारिश होने की वजह से मौसम विभाग ने जर्जर इमारतों को खाली करने को कहा है, जिससे अनहोनी से बचा जा सके।
मानसून की ये बारिश (Mumbai Rain) जहां एक तरफ लोगों को गर्मी से निजात दिला रही है, वहीं लगातार 3 दिनों तक बरसने से शहर की सड़कें जलमग्न हो जाएंगी। जिसकी वजह से मुंबई वासियों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा ये तय है। आज ही मुंबई के कई इलाकों में पानी भर गया है। डोंबिवली, कांदीवली, सायन जैसी जगहें पानी में डूबी नजर आ रही हैं।
Read More : पायलट का आधी रात को भाजपा पर पलटवार: बेकार की बयानबाजी की जगह खुद की हालत देखें
मुंबई में हाईटाइड की चेतावनी
बुधवार सुबह से हो रही भारी बारिश के चलते मुंबई में मौसम विभाग ने हाईटाइड की चेतावनी जारी की है। इस दौरान मुंबई के समुद्र तट पर ऊंची पानी की लहरें उठ सकती हैं। इसी वजह से मौसम विभाग ने प्रशासन और एजेंसियों को अलर्ट रहने को कहा है। इसके साथ ही तट के आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। साथ ही मुंबई पुलिस समेत कई एजेंसियां इस पर नजर बनाए हुए है।
