Headlines

Accident : सिंध के डहारकी इलाके में 2 पैसेंजर ट्रेनें टकराईं; 30 की मौत

इस्लामाबाद : पाकिस्तान में सोमवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हुआ। सिंध के डहारकी इलाके में दो ट्रेनें आपस में टकरा गईं। हादसे में 30 लोगों के मारे जाने की खबर है। जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक भिड़ंत मिल्लत एक्सप्रेस और सर सैय्यद एक्सप्रेस के बीच हुई। अभी भी कई लोग बोगियों में फंसे हुए हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।

घोटकी के पास हुआ हादसा

हादसा घोटकी के पास रेती और डहारकी रेलवे स्टेशन के बीच तड़के 3:45 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, मिल्लत एक्सप्रेस कराची से सरगोधा और सर सैयद एक्सप्रेस रावलपिंडी से कराची जा रही थी। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, मिल्लत एक्सप्रेस की बोगियां अनियंत्रित होकर दूसरी ट्रैक पर जा गिरीं। इससे सामने से आ रही सर सैयद एक्सप्रेस उससे टकरा गई। इस कारण बोगियों को काफी नुकसान हुआ।

चार घंटे तक रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची

हादसे के बाद चार घंटे तक ऑफिसर मौके पर नहीं पहुंचे। देर से पहुंची रेस्क्यू टीम ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है। अभी भी कई यात्री डैमेज हो चुकी बोगियों में फंसे हुए हैं। बोगियों को गैस कटर से काटकर फंसे हुए यात्रियों को निकाला जा रहा है। उन्हें नजदीकी गांवों से पहुंची ट्रैक्टर-ट्रॉली से अस्पताल ले जाया जा रहा है। हादसे की वजह से इस रूट की ज्यादातर गाड़ियों की आवाजाही पर असर हुआ है।

आसपास के हॉस्पिटल्स में इमरजेंसी घोषित

घोटकी डिप्टी कमिश्नर उस्मान अब्दुल्ला ने बताया कि दोनों ट्रेनों की 13 से 14 बोगियां पटरी से उतर गई हैं। इनमें 6 से 8 पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी हैं। इसलिए लोगों को रेस्क्यू करने में परेशानी हो रही है। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के इंतजाम कर दिए गए हैं। घोटकी, डहारकी, ओबरो और मीरपुर मथेलो के अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है और डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को ड्यूटी पर बुलाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *