Headlines

भाजपा ने भरतपुर सांसद पर हुये हमले को लेकर सरकार पर हल्ला बोला

जयपुर : भाजपा नेताओं ने महिला अत्याचारों को लेकर सरकार के खिलाफ हल्ला बोलते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण में अराजकता ने पांव पसार लिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सांसद रंजीता कोली पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि राजस्थान सरकार की बदहाल कानून-व्यवस्था का इससे बड़ा सबूत और क्या हो सकता है कि सांसद तक सुरक्षित नहीं है। आम आदमी का क्या हाल होगा आप अनुमान लगा सकते हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने मांग की कि राज्य सरकार आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलवाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह याद रखे, हमने राजस्थान को शांत प्रदेश बनाकर आपको सौंपा था, जिसे आप अपराधियों का प्रदेश मत बनाओ। हम ऐसा नहीं होने देंगे। पूर्व मुख्यमंत्री बोली कि राज्य सरकार प्रदेश में महिला सुरक्षा के दावे कर भले ही अपनी पीठ ख़ुद ही थपथपायें,पर सच्चाई तो यही है कि अपराधियों के आगे इस सरकार ने घुटने टेक दिए है।

अपराधों की राजधानी बन गया अब राजस्थान

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि राजस्थान शांतिपूर्ण प्रदेश था, अब यह अपराधों की राजधानी हो गया, पिछले दिनों एम्बुलेंसकर्मियों द्वारा जयपुर में गर्भवती महिला के साथ गैंगरेप और फिर भीलवाड़ा में महिला तहसीलदार के साथ अमर्यादित भाषा का उपयोग, उसके बाद भरतपुर सांसद के साथ कल रात की घटना भी दुर्भाग्यपूर्ण है, जो कई सवाल राजस्थान के पुलिस-प्रशासन पर खड़े करती है।

नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने भाजपा सांसद पर हुए हमले को षड्यंत्र करार देते हुए कहा कि सीएचसी का औचक निरीक्षण करने गई सांसद रंजीता कोली पर हमला सुनियोजित षडयंत्र हैं। इस घटना का पर्दाफाश और अपराधियों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलवानी चाहिए।

सरकार को किया कटघरे में खड़ा

भाजपा के अजा व जजा वर्ग से आने वाले तीन नेताओं केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम, सांसद जसकौर मीणा व विधायक अनिता भदेल ने भी वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महिला अत्याचारों खासकर अजा-जजा समाज पर हो रही घटनाओं को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार को कटघरे में खड़े करने की कोशिश की तथा कहा कि वे ऐसे घटनाक्रमों में कड़ी कार्यवाही नहीं हुई तो चुप नहीं बैठेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *