जयपुर। तेल की तेज धार की आम आदमी पर सीधे मार पड़ रही है। मई के महीने में सातवीं बार तेल के दामों (Oil Prices) में बढ़ोतरी हुई है। तेल के दामों (Oil Prices) में वृद्धि के कारण फल-सब्जियों व अन्य जरूरी चीजों के दाम भी बढ़ रहे है। जयपुर में पेट्रोल 98.47 प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल भी 91.20 रुपए प्रति लीटर हो गया है। बुधवार को पेट्रोल पर 27 पैसे और डीजल पर भी 27 पैसे की बढ़ोतरी हुई है। वहीं प्रदेश में श्रीगंगानगर में 102.97 रुपए सामान्य पेट्रोल व डीजल भी 95.33 रुपए हो गया है। डीजल प्रीमियम भी श्रीगंगानगर में 99 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
चुनाव परिणाम के बाद करीब दो रुपए तक बढ़े
चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद से डीजल पर करीब दो रुपए तक दाम बढ़ गए है। 4 मई को 21 पैसे, 5 मई को 31 पैसे, 6 मई को 31 पैसे, 7 मई को 33 पैसे, 8 व 9 मई को कोई बदलाव नहीं हुआ,10 मई को 36 पैसे, 11 मई को 32 पैसे, 12 मई को 27 पैसे बढ़ चुके है। पेट्रोल पर भी 4 मई को 17 पैसे, 5 मई को 24 पैसे, 6 मई को 29 पैसे, 7 मई को 27 पैसे, 10 मई को 27 पैसे व 11 मई को 28 पैसे, 12 मई को 27 पैसे बढ़े है।
रोजाना तय होती हैं कीमतें
तेल कंपनियां इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम रोजाना सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल की दरों में संशोधन कर जारी करती हैं। विदेशी मुद्रा दरों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमत के आधार पर रोज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां कीमतों की समीक्षा के बाद रोज़ाना पेट्रोल और डीजल के रेट तय करती हैं।
