नई दिल्ली :देश में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण की वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने होने वाली G-7 समिट में हिस्सा नहीं लेंगे। मंगलवार को विदेश मंत्रालय की तरफ से इस बात की जानकारी दी गई।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया, “यूके के प्रधानमंत्री बोरिस जॉन्सन ने प्रधानमंत्री को विशेष तौर पर आमंत्रित किया था, हम उसकी सराहना करते हैं लेकिन कोरोना संक्रमण की वजह से प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिटेन में होने वाली G-7 समिट में हिस्सा न लेने का फैसला लिया है। G-7 समिट 11 से 13 जून के बीच ब्रिटेन के कार्निवाल में आयोजित होनी है।
भारत G-7 का हिस्सा नहीं है, लेकिन ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने प्रधानमंत्री मोदी को इस समिट में शामिल होने के लिए खास बुलावा भेजा था। भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण कोरिया को भी गेस्ट कंट्री के तौर पर शामिल होने के लिए न्योता दिया गया था।
जॉनसन का भी अप्रैल का दौरा हुआ था रद्द
बोरिस जॉनसन पिछले महीने भारत की यात्रा पर आने वाले थे लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण उनकी यात्रा टल गई थी। इससे पहले, जनवरी में भी, जॉनसन की गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने के लिये भारत आने की योजना थी, लेकिन ब्रिटेन में महामारी फैलने के कारण यात्रा टल गई।
