सीतापुर। समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान को सीतापुर जेल से लखनऊ मेदांता अस्पताल भेजा गया है। आजम खान के साथ उनके बेटे अब्दुल्लाह को भी लखनऊ मेदांता अस्पताल भेजा गया है। दोनों कोरोना संक्रमित हैं। दोनों की तबीयत बिगड़ने के बाद यह फैसला लिया गया है।
कड़ी सुरक्षा के बीच किया रवाना
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आजम और उनके बेटे को लखनऊ रवाना किया गया है। जेल विभाग की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, जिला कारागार सीतापुर में निरुद्ध विचाराधीन बंदी आजम खान पुत्र और उनके पुत्र अब्दुल्लाह खान को जिला स्तरीय चिकित्सकों की टीम द्वारा दी गयी सलाह के आधार पर कोविड के बेहतर इलाज के लिए रविवार की शाम लगभग 6:30 बजे पुलिस की सुरक्षा में लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल रवाना कर दिया गया है। दोनों कुछ दिनों से कोरोना पॉजिटिव थे।
सीतापुर जेल में थे आजम खान
बता दें कि समाजवादी पार्टी सांसद यूपी की सीतापुर जेल में बंद हैं। उनपर पचास से ज़्यादा मुकदमों दर्ज हैं जिसकी वजह से वह जेल में हैं। हाल ही में समाजवादी पार्टी सांसद की कोरोना जांच की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। उनके साथ जेल में बंद 13 और कैदी भी कोरोना की चपेट में आ गए थे। सेहत बिगड़ने के वजह से आजम ने रोजे भी नहीं रख रहे थे। वह कुछ दिन पहले रोजे पर चल रहे थे लेकिन स्वास्थ्य में गिरावट के चलते उन्होंने ने रोजा रखना बंद कर दिया था।
