Headlines

गढ़चिरौली में एनकाउंटर : C-60 फोर्स के जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया

  • 5 दिन पहले इसी इलाके के थाने पर रॉकेट लॉन्चर से किया था हमला
    ​​​​​​​

राजनांदगांव/मुंबई। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बार्डर से लगे गढ़चिरौली जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। करीब 4 घंटे चली इस मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को मार गिराया है। उनके शव भी बरामद कर लिए गए हैं। अभी इस मामले में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस अफसरों की ओर से शाम 5 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है।
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र में गढ़चिरौली जिले के एटापल्ली में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर C-60 फोर्स के जवान सर्चिंग पर निकले थे। बुधवार सुबह करीब 6.30 बजे जांबिया-गट्टा के जंगलों में घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। करीब 4 घंटे चली मुठभेड़ के दौरान दो नक्सली मारे गए। एक का नाम वीरेन्द्र नरोटी और दूसरे का अजय नरोटी बताया गया है। एक नक्सली छत्तीसगढ़ में बीजापुर के रहने वाला है। बताया जा रहा है कि जांबिया-गट्टा पुलिस चौकी से करीब 12 किमी दूर मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल का मुआयना करने पर दोनों का शव सुरक्षाबलों को मिला।

नक्सलियों ने किया था गट्‌टा थाने पर हमला
करीब 5 दिन पहले 23 अप्रैल की रात करीब 12.30 बजे नक्सलियों ने कांकेर जिले की सीमा से महज 14 किमी दूर महाराष्ट्र के जांबिया गट्टा थाना में हमला कर दिया। थाने के सामने बने मकानों की आड़ में करीब 100 से अधिक नक्सली हमला करने पहुंचे थे। नक्सलियों ने पहले 4 राउंड गोली चलाई। इसके बाद हाथों से बना राकेट लॉन्चर दागा। वह थाना परिसर के निर्माणाधीन भवन में गिरा। हालांकि विस्फोट नहीं हो सका। सारी रात गोलियां चलती रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *