Tokyo Olympic: टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने महिला एकल स्पर्धा के क्वार्टरफाइनल में जापान की अकाने यामागुची को 21-13, 22-20 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उनका मुकाबला काफी कड़ा रहा और दोनों ही खिलाड़ियों ने जीत के लिए खूब जोर आजमाइश की है। अब सिंधु फाइनल्स में पहुंचने से एक कदम दूर हैं।
रियो ओलंपिक 2016 की सिल्वर मेडल विजेता पीवी सिंधु ने बैडमिंटन में भारत के पहले ओलंपिक स्वर्ण पदक की उम्मीद बनाए रखी। अब उनका सामना थाईलैंड की रतचानोक इंतानोन और चीनी ताइपे की ताई जु यिंग के बीच होने वाले दूसरे क्वार्टरफाइनल के विजेता से होगा। सिंधु इस वक्त बेहतरीन फॉर्म में चल रही हैं और उम्मीद है कि वे इस बार भारत के लिए गोल्ड मेडल लाएंगी।
मौजूदा विश्व चैम्पियन सिंधू ने दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी यामागुची के खिलाफ 11-7 के जीत के रिकार्ड का फायदा उठाकर पहला गेम महज 23 मिनट में 21-13 से अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में यामागुची ने वापसी करने की कोशिश की लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया और 33 मिनट में जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह पक्की कर ली है।
बॉक्सिंग में भारत की लवलीना का कमाल, किया एक मेडल पक्का
बॉक्सिंग में भारत का मेडल पक्का होता दिख रहा है। 69 किलोग्राम कैटेगरी के क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीत कर लवलीना सेमीफाइनल में पहुंच गई है। इसके बाद लवलीना का कम से कम एक पदक पक्का है। यदि वह सेमीफाइनल जीत कर फाइनल में पहुंचती है तो अपने लिए रजत पदक और भारत के लिए दूसरा पदक पक्का कर लेंगी।
पूर्व वर्ल्ड चैंपियन निएन चिन चेन को 4-1 के भारी अंतर से दी मात
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत की लवलीना ने चीनी ताइपे और पूर्व वर्ल्ड चैंपियन निएन चिन चेन को 4-1 के भारी अंतर से मात दी। इससे पहले लवलीना ने जर्मनी के अनुभवी Nadine Apetz को करीबी मुकाबला में हराया था।

