जयपुर: जयपुर नगर निगम ग्रेटर मुख्यालय में आज मेयर सौम्या गुर्जर और आयुक्त यज्ञमित्र देव सिंह के बीच बड़ा बवाल हाे गया। डोर टू डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था पर चर्चा के लिए बुलाई एक बैठक में दोनों के बीच हॉट-टॉक हो गई। विवाद बढ़ता देख जब आयुक्त बैठक छोड़कर जाने लगे तो वहां मौजूद कुछ पार्षदों ने उन्हें हाथ पकड़कर रोक लिया। इस बात पर आयुक्त और पार्षदों के बीच धक्का-मुक्की भी हो गई। आयुक्त ने पार्षदों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बाद गुस्साएं नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और ट्रेड यूनियन के कर्मचारियों ने मेयर और पार्षदों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
जानकारों के मुताबिक विवाद का मुख्य कारण डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाली फर्म को लेकर हुआ। आयुक्त डोर टू डोर कचरा संग्रहण करने वाली फर्म के संबंध में चर्चा के लिए मेयर के चैम्बर में पहुंचे थे। इस दौरान किसी बात पर मेयर और आयुक्त में हॉट-टॉक हो गई। बताया जा रहा है कि आयुक्त कंपनी को भुगतान करवाने के पक्ष में थे, जबकि मेयर और वहां मौजूद अन्य जनप्रतिनिधि कंपनी से काम करवाने के बजाए कोई दूसरे वैकल्पिक व्यवस्था करवाने की बात कर रहे थे।
आयुक्त ने सभी होमगार्ड को किया सस्पेंड
बैठक से बाहर आने के बाद आयुक्त ने मेयर के चैम्बर के बाहर तैनात सभी होमगार्ड को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए। वहीं उपायुक्त सतर्कता को पार्षदों के खिलाफ FIR दर्ज करवाने के लिए कह दिया। इधर विवाद बढ़ता देख पुलिस फोर्स वहां आ गई और नगर निगम मुख्यालय में आयुक्त और मेयर के चैम्बर के बाहर तैनात हो गई।
बैठक बुलाई लेकिन क्यों विवाद हुआ पता नहीं
इस मामले पर मेयर सौम्या गुर्जर ने कहा कि मैने शाम 5 बजे सफाई व्यवस्था को सुधारने और वैकल्पिक व्यवस्था पर चर्चा के लिए सभी अधिकारियों की बैठक बुलाई थी। आयुक्त से हम चर्चा कर रहे थे और जब वो चैम्बर से बाहर गए तो क्या विवाद हुआ हमें कोई जानकारी नहीं है।
वहीं इस पूरे विवाद पर आयुक्त ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मेयर-पार्षदों की सोची समझी साजिश थी। उन्होंने स्वयं के साथ पार्षदों द्वारा धक्कामुक्की करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस मामले में 3 पार्षदों के खिलाफ FIR दर्ज करवाने के लिए कहा है।
सफाई कर्मचारियों ने की हड़ताल की घोषणा
इधर आयुक्त के समर्थन में उतरे सफाई कर्मचारियों ने 5 जून को हड़ताल पर जाने की घोषणा की। कर्मचारियों से संबंधित यूनियन संयुक्त वाल्मिकी एवं सफाई श्रमिक संघ ने एक दिन की हड़ताल का एलान किया है।
