Headlines

इसी माह आ सकती है कोरोना की तीसरी लहर, प्रदेश की जनता को मुख्यमंत्री ने चेताया

जयपुर : देश में इसी महीने कोरोना की तीसरी लहर आने की एक्सपर्ट की चेतावनी के बीच अभी दूसरी लहर का प्रभाव भी बरकरार बताया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोरोना की दूसरी लहर के अभी तक नहीं जाने की भी बात कही है। गहलोत ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए कहा कि पूरे देश में वायरस का R फैक्टर एक से ज्यादा होने का मतलब यह है कि अभी दूसरी लहर पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।

मुख्यमंत्री गहलोत ने लिखा कि संक्रमण के फैलने की स्थिति को जांचने का वैज्ञानिक पैमाना रिप्रोडक्टिव फैक्टर यानी R फैक्टर है। इससे पता चलता है कि एक संक्रमित मरीज कितने अन्य लोगों को संक्रमित कर सकता है। इस आर फैक्टर का एक से नीचे रहने पर वायरस का प्रसार धीमा माना जाता है। फिलहाल देश के 8 राज्यों और केन्द्र प्रशासित प्रदेशों में यह फैक्टर एक से ज्यादा है। पूरे देश में आर फैक्टर 1.2 है। यह दिखाता है कि कोरोना की दूसरी लहर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। बीते दिनों में देशभर में मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है जो चिंता का विषय है।

राजस्थान में कोरोना की स्थिति पर काबू

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई रिपोर्ट्स का कहना है कि अगस्त के आखिर तक भारत में तीसरी लहर की शुरुआत हो जाएगी। राजस्थान में अभी स्थिति पूरी तरह काबू में है। प्रदेश में फिलहाल सिर्फ 220 एक्टिव केस हैं। यह संख्या लगातार कम हो रही है। यहां R फैक्टर 0.5 है। प्रदेश में प्रतिदिन मरीजों की संख्या भी 10 से 50 के बीच ही है।

तीसरी लहर को रोकने के लिए कोविड प्रोटोकॉल का पालन जरुरी

गहलोत ने कहा कि कोरोना वायरस ने जिस तरह अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस में फिर से रफ्तार पकड़ी है, उसे देखकर पूरी सावधानी बरतने की आवश्यकता है। हमें अभी सख्ती से कोविड प्रोटोकॉल की पालना कर कोरोना तीसरी लहर को आने से रोकना है। इसलिए बिल्कुल लापरवाही ना करें, मास्क लगाएं, दो गज की दूरी का पालन करें और वैक्सीन जरूर लगवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *