जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पंजाब में हुए फैसले के बाद राजस्थान को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि हमारे यहां तो हल निकला हुआ ही हैं। यह एक सतत प्रक्रिया है जब मंत्रिमंडल का विस्तार करना होंगे कर देंगे। कोरोना के कारण विलंब हुआ है। राजस्थान के प्रभारी महामंत्री अजय माकन के रिट्वीट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि माकन ने मुख्यमंत्री का बयान भी रिट्वीट किया है। इस बारे में ज्यादा बेहतर तो वो ही बता सकते हैं। डोटासरा पायलट से जुड़े ज्यादातर सवाल टाल गए।
डोटासरा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा,यह हमारा सौभाग्य है कि वो (माकन) बार- बार आते हैं। हर बार संतुष्ट हों कर जा रहे हैं। राजस्थान में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बारे में पूछा गया तो उनका कहना था कि अपराध घटित होना गलत है,लेकिन हमने तुरंत कार्रवाई की है। राजस्थान में संख्या जरूर बढ़ी हैं,लेकिन कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने पेगासस जासूसी कांड को लेकर 22 जुलाई को कांग्रेस की ओर से राजभवन का घेराव किया जायेगा और ज्ञापन सौंपा जाएगा। डोटासरा ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त से बाहर है।
पेगासस जासूसी प्रकरण पर बोले- डोटासरा
पेगासस जासूसी प्रकरण पर सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रेस वार्ता की और मीडिया से कहा – मोदी सरकार ने देश के चारों स्तंभों पर हमला किया है। इजरायल के पेगासस सॉफ्टवेयर के जरिए केंद्र सरकार ने अपने ही मंत्रियों, विपक्षी नेताओं, सुप्रीम कोर्ट के जज, पत्रकारों व महिलाओं के फोन टैपिंग से ना सिर्फ निजता का हनन किया है बल्कि राष्ट्रद्रोह का काम किया है।
केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव भले ही इनकार करे लेकिन पूर्व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पेगासस जासूसी कांड का सच स्वीकार किया है। सत्ता में बैठे लोग किसी भी वर्ग को बख्श नहीं रहे हैं। राहुल गांधीजी के निजी स्टाफ, मुख्य चुनाव आयुक्त, केंद्रीय मंत्रियों, स्मृति ईरानी जी के OSD और वसुंधरा राजे जी के निजी सचिव के भी फोन टैप करके निगरानी रखी गई है।
