जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीपी जोशी अनिश्चिकाल के लिए स्थगित की गई सदन की बैठक को शुक्रवार 11 बजे से फिर शुरू करने पर राजी हो गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीपी जोशी ने स्वयं नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया को जानकारी दे अवगत करवाया।
इस बारे में विधानसभा का अधिकृत बुलेटिन भी जारी होगा। कार्य सलाहकार समिति की बैठक में तय एजेंडे के अनुसार विधानसभा की कार्यवाही दो दिन चलने की संभावना है। आपको बता दे कि कल संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल से हुई तीखी नोकझोंक के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की बैठक को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया था।
विधानसभा की बैठक कल से फिर शुरू होने से अनुपूरक अनुदान की अतिरिक्त मांगों तथा अन्य बिलो के पास होने का रास्ता साफ हो गया है। जानकर सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से हुई टेलीफोन पर चर्चा के बाद विधानसभा अध्यक्ष राजी हुए। कल सत्ता पक्ष के सदस्यों ने स्पीकर को मनाने के खूब प्रयास किये थे, लेकिन वे तैयार नहीं हुए। सीएम के हस्तक्षेप में बाद आज बात बनी।
