अलवर : भिवाड़ी में शेखपुर अहीर थाने के इंचार्ज रामकिशोर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। जिसने दो पक्षों के लेन-देने के विवाद में एफआर लगाने को लेकर रिश्वत मांगी थी। एसीबी के एएसपी राजपाल गोदारा ने बताया कि शेखपुर अहीर के थाना प्रभारी एसआई रामकिशोर ने परिवादी से रिश्वत के 50 हजार रुपए मांगे थे। दो पक्षों में लेन-देन का विवाद था। मुकदमा थाने में चल रहा था। जांच एसएचओ खुद कर रहे थे। इस मामले का निबटारा कराने और एफआर लगाने के एवज में रिश्वत मांगी थी। थानेदार ने थाने में ही रिश्वत ली। जिसे तुरंत एसीबी ने गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी ने बताया कि थाने में एसआई सिविल ड्रेस में था। परिवादी से रिश्वत की राशि लेकर वहीं पर रख ली थी। एसीबी तुरंत वहां पहुंची और उसे ट्रैप कर लिया गया। एएसपी ने बताया कि थानाधिकारी मूल रूप से ग्राम काठ, ढाणी चौबाडिया शाहपुरा का निवासी है। हाल में जयपुर के करधनी में तिरपति सोसायटी में रह रहा था। घर पर भी तलाशी ली गई हैं। अन्य दस्तावेजों की जांच चल रही है।
