जयपुर : भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की सेमी वर्चुअल बैठक 22 जून को होगी, जिसमें हमारे साथ प्रमुख तौर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी डाॅ. अरूण सिंह मौजूद रहेंगे, जो पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां ने बताया कि बैठक में सेवा ही संगठन के कार्यक्रमों की चर्चा, कोरोना काल में पार्टी के दिवंगत हुए कार्यकर्ताओं को सम्बल देने के लिए कार्ययोजना पर चर्चा, सशक्त मण्डल, सक्रिय बूथ समिति, पन्ना प्रमुख नियुक्ति, प्रदेश एवं जिलों के राजनीतिक व संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होगी।
22 को ही स्व. सुन्दर सिंह भण्डारी स्मृति कार्यक्रम
डाॅ. पूनियां ने बताया कि 22 जून को स्व. सुन्दर सिंह भण्डारी स्मृति दिवस को प्रदेशभर में जन्म शताब्दी वर्ष के रूप में मनाया जायेगा। इसी प्रकार कोरोना की तीसरी लहर को मद्देनजर रखते हुए पार्टी हर मण्डल पर स्वास्थ्य स्वयंसेवक तैयार करेगी, जो लोगों को कोविड गाइडलाइन व वैक्सीनेशन को लेकर जागरूकता का कार्य करेंगे। 25 जून को आपातकाल का काला दिवस मनाया जायेगा। 27 जून को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम प्रदेश के सभी जिला एवं मण्डल स्तर पर सुना जायेगा।
योग दिवस पर मण्डल स्तर पर दो-दो योग शिविरों का आयोजन
इसी कड़ी में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस है, प्रत्येक जिले के हर मण्डल पर कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए दो-दो योग शिविरों का पार्टी आयोजन करेगी। 23 जून को भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष स्व. डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस है और 6 जुलाई को जन्मदिवस है, इस पूरी अवधि में प्रदेशभर के सभी बूथों पर डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि, सार्वजनिक स्थान पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा उनके विचार, त्याग एवं बलिदान पर व्याख्यान, सभी जिलों में वीडियो काँफ्रेंस के माध्यम से विचार गोष्ठियों का आयोजन, सभी बूथों पर वृक्षारोपण का कार्यक्रम, पार्टी द्वारा व्यापक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण हेतु 5 लाख वृक्षारोपण किया जायेगा, ‘‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’’ को ध्यान में रखते हुए तालाब, कुआं एवं अन्य जल बहाव, जल स्त्रोतों को लक्ष्य लेकर के प्लास्टिक रहित अभियान चलाया जायेगा।
डाॅ. पूनियां आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की वीडियो काँफ्रेंस बैठक से भी जुड़े। इस बैठक में उनके साथ राष्ट्रीय मंत्री डाॅ. अलका सिंह गुर्जर एवं प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा मौजूद थे।
