राजस्थान में 27 को रोडवेज की हड़ताल, प्रबंधन की हड़ताल पर न जाने की अपील

रोडवेज

जयपुर। राजस्थान रोडवेज के श्रमिक संगठनों के संयुक्त मोर्चा की ओर से 27 अक्टूबर को एक दिन की प्रदेशव्यापी हड़ताल की घोषणा को देखते हुए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम प्रबन्धनकर्मियों को हड़ताल पर न जाने के लिए मनाने पर जुटा हुआ है। प्रबंधन ने कहा कि कोरोनाकाल में पूर्ण रूप से वाहन संचालन नही होने तथा यात्री भार कम होने के बावजूद भी अपने संसाधनों एवं राज्य सरकार की सहायता से 3 माह में कर्मचारी कल्याणहित में काफी कार्य किए गए है तथा आगे भी निगम प्रबन्धन द्वारा कर्मचारी कल्याणहित में सकारात्मक कार्यवाही किए जाने के लिए कृत्य संकल्प है।

निगम प्रबन्धन ने कर्मचारी हित में उठाये गये सकारात्मक कदम का ब्यौरा देते हुए कहा है कि ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर कर्मचारी के आश्रित को राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम कर्मचारी कल्याण कोष से 25000/-रू. एक मुश्त सहायता राशि उपलब्ध करवायी जा रही थी। अब इसे बढ़ा कर 1 लाख रू. कर दिया है। इसी तरह कर्मचारी हितो को दृष्टिगत रखते हुये जून एवं जुलाई-2021 का भुगतान अगस्त-2021 में, अगस्त-2021 का सितम्बर, 2021 में तथा सितम्बर, 2021 का भुगतान 01 अक्टूर, 2021 को राज्य सरकार के अनुरूप वेतन भुगतान किया गया। प्रबन्धन का यह प्रयास है कि राज्य सरकार के अनुरूप सभी कर्मचारी/अधिकारियों को हर माह का वेतन एवं पैंशन का भुगतान अगले माह की एक तारीख को हो सकें।

ग्रेच्यूटी का भुगतान भी शुरू

छठे वेतन आयोग में वेतन ले रहे कर्मचारियों एवं पैंशनरों को तत्काल एक मुश्त 25 प्रतिशत महंगाई भत्ते के आदेश 21 सितम्बर को प्राप्त होते ही उसी दिवस को निगम कर्मचारियो/पैंशनरों को दे दी गई। माह जुलाई एवं अगस्त-2021 के महंगाई भत्ते का बकाया एरियर का भुगतान भी माह सितम्बर-2021 में जारी कर दिया गया। इसी तरह ग्रेच्यूटी का भुगतान काफी समय से नही किया जा रहा था, जिसे शुरू कर दिया गया। इसके अतिरिक्त मृतक सेवानिवृत कर्मचारियों के सेवापरिलाभों का भुगतान दिसम्बर, 2018 तक किया जा चुका है तथा जनवरी-2019 से जून-2019 तक का भुगतान 31 अक्टूबर, 2021 तक कर दिया जाएगा। निगम प्रबन्धन द्वारा भविष्य में सेवानिवृत कर्मचारियों के बकाया चल रहे सेवानिवृत्त परिलाभों का भुगतान शीघ्र किये जाने हेतु कार्ययोजना तैयार कर राज्य सरकार को प्रेषित की जा चुकी है, जिसमें राज्य सरकार से एक मुश्त 750 करोड़ रू. का विशेष आर्थिक पैकेज प्राप्त किये जाने की कार्यवाही की जा रही है।

पदोन्नति के लिए विभागीय कलेंडर भी बनाया गया

निगम प्रबन्धन द्वारा 5 वर्ष से अधिक अवधि पार 530 मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति दिये जाने के लिए निगम मण्डल द्वारा निगम के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक को शिथलन देने के लिए अधिकृत किया गया है। उक्त निर्णय के क्रम में निगम प्रबन्धन द्वारा मृतक कर्मचारी के आश्रितों को त्वरित लाभ दिये जाने के उद्देश्य से अब तक कुल 173 मृतक कर्मचारी के आश्रितों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप विभिन्न पदों पर अनुकम्पा नियुक्ति दी जा चुकी है साथ ही इस क्रम में आगे भी त्वरीत कार्यवाही कर मृतक आश्रितो को अनुकम्पा नियुक्ति दिये जाने की कार्यवाही की जा रही है। पदोन्नति के लिए विभागीय कलेंडर बनाया जा चुका है।

कई को लाभ दिया भी जा चुका है। सातवें वेतन देने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज हुआ है। रोडवेज बेड़े में शामिल 550 बसे खरीदी जा रही है। निगम में सीधी भर्ती के रिक्त चल रहे पदों को भरने के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव प्रेषित किया हुआ है जिस पर उनके द्वारा कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। अन्य मांगों पर रोडवेज प्रबंधन की ओर से उठाए गए कदमो से श्रमिक यूनियनों को अवगत करवाते हुए हड़ताल टालने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *