Headlines

REET-2021 का संशोधित रिजल्ट जारी

REET

जयपुर : राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (REET)-2021 के लेवल-2 का संशोधित परीक्षा परिणाम सोमवार को राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने जारी कर दिया। संशोधित परिणाम के आधार पर प्रदेश के 1 लाख 21 हजार 27 कैंडिडेट को 1 अंक का फायदा हुआ है, जबकि 30 हजार 395 परीक्षार्थियों को 1 अंक का नुकसान हुआ है।

बोर्ड अध्यक्ष और REET के मुख्य समन्वयक डॉ. डीपी जारोली ने बताया कि REET परीक्षा -2021 के लेवल-1 व लेवल-2 का परीक्षा परिणाम पूर्व में 2 नवम्बर को जारी किया गया था। रिजल्ट के बाद बोर्ड द्वारा आंसर शीट जारी की गई और कैंडिडेट से 8 नवम्बर से 13 नवम्बर तक ऑनलाइन ऑब्जेक्शन मांगे गए थे। सभी ऑब्जेक्शन पर दोबारा प्रॉपर एवं सक्षम स्तर पर विचार और पुनर्निरीक्षण करने के बाद उचित ऑब्जेक्शन का निराकरण करते हुए REET-2021 का संशोधित परिणाम वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।

एक्सपर्ट्स ने उत्तर में विकल्प बदले

ऑब्जेक्शन्स के आधार पर सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स ने लेवल-2 के अंग्रेजी विषय के प्रश्न पत्र में एक प्रश्न के उत्तर के विकल्पों में परिवर्तन करने का निर्णय लिया है। लेवल-2 के अंग्रेजी विषय के प्रश्न पत्र की जे-सीरीज के प्रश्न संख्या 74, (के-सीरीज का प्रश्न संख्या 81, एल-सीरीज का प्रश्न संख्या 72 और एम-सीरीज का प्रश्न संख्या 65 हैं) के संबंध में सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स ने दो विकल्पों को सही माना है। इसके आधार पर पूर्व के सही उत्तर ए और सी के स्थान पर बी व सी को सही माना गया है और संशोधित परिणाम इसी आधार पर जारी किया गया है। इसके चलते 1 लाख 21 हजार 27 कैंडिडेट को 1 अंक का फायदा हुआ है, जबकि 30 हजार 395 परीक्षार्थियों को 1 अंक का नुकसान हुआ है।

अब किसी ऑब्जेक्शन पर नहीं किया जायेगा विचार

डॉ. जारोली ने बताया कि लेवल-2 में भाषा संबंधी ऑब्जेक्शन्स पर विचार करने के पश्चात 377 कैंडिडेट का परिणाम पॉजिटिव रहा है। उन्होंने कहा कि REET परीक्षा-2021 की प्राप्त सभी ऑब्जेक्शन्स का निराकरण करने के पश्चात अब किसी ऑब्जेक्शन पर विचार नहीं किया जायेगा। सफल कैंडिडेट के पात्रता प्रमाण पत्र इसी माह जारी कर दिये जायेंगे। रीट-2021 का संशोधित परिणाम वेबसाइट – http://www.reetbser21.com/, http://www.reetbser21.net/ और http://www.reetbser21.info पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि REET परीक्षा-2021 के लेवल-1 के प्रश्नों के सम्बन्ध में प्राप्त सभी ऑब्जेक्शन्स को सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स ने खारिज करते हुए परिणाम को यथावत रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *