जयपुर : REET में नियुक्ति को लेकर युवाओं का लंबा इंतजार अब शिक्षा विभाग ने खत्म कर दिया है। शिक्षा विभाग ने लेवल वन के 15,500 पदों की जिला आवंटन सूची जारी कर दी है। बुधवार देर रात शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला ने ट्वीट कर बताया कि REET लेवल-1 सीधी भर्ती के चयनित अभ्यार्थियों को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय द्वारा जिले आवंटित कर दिए गए हैं। इनके नाम, नियुक्ति पत्र पोस्टिंग के लिए जल्दी ही प्रदेशभर में जिला परिषद को भेजे जाएंगे। इसे जल्दी ही विभाग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।
दरअसल, REET लेवल-1 में चयनित अभ्यर्थियों को 15,500 टीचर्स के पदों पर नियुक्ति के लिए प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने 17 अप्रैल को फाइनल कट ऑफ जारी की थी। इसके तहत नॉन टीएसपी में जनरल वर्ग में पुरुष और महिला को 133 अंक पर नियुक्ति मिल जाएगी। वहीं, ओबीसी महिला और पुरुष में दो अंक कम यानी 131 अंक पर नियुक्ति मिलेगी। एससी में 125, एसटी में 117 कटऑफ रही है। ऐसे में अभ्यर्थी पिछले लंबे वक्त से जिलों के आवंटन का इंतजार कर रहे थे।
