जयपुर: राजस्थान में कोरोना के हालात और कोविड मैनेजमेंट से जुड़े मामलों को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर चर्चा की। गहलोत ने प्रधानमंत्री को राजस्थान में कोविड मैनेजमेंट के साथ कोरोना के हालात पर फीडबैक दिया। गहलोत ने एक बार फिर प्रधानमंत्री से राजस्थान में एक्टिव कोरोना मरीजों के हिसाब से ऑक्सीजन का कोटा बढ़ाने की मांग रखी है। मोदी से बात करने के बाद गहलोत ने जल्द राजस्थान का ऑक्सीजन कोटा बढ़ने की उम्मीद जताई है।
PM से बात करने के बाद गहलोत ने ट्वीट किया- प्रदेश में कोविड की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर चर्चा हुई। उन्हें प्रदेश की स्थिति से अवगत कराने के साथ ही संक्रमितों के आधार पर ऑक्सीजन की उपलब्धता की मांग की। प्रधानमंत्री ने इसे शीघ्र ही हल करने का आश्वासन दिया है। प्रधानमंत्री के निर्देश के बाद इस संबंध में रेल मंत्री पीयूष गोयल से भी चर्चा हो गई है। उम्मीद है जल्दी ही प्रदेश का ऑक्सीजन आवंटन केन्द्र द्वारा बढ़ा दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री जी के निर्देश के बाद इस संबंध में रेल मंत्री श्री पीयूष गोयल से भी चर्चा हो गयी है। उम्मीद है जल्दी ही प्रदेश का ऑक्सीजन आवंटन केन्द्र द्वारा बढ़ा दिया जायेगा।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) May 16, 2021
रक्षा मंत्री से ऑक्सीजन प्लांट को लेकर मांग
गहलोत ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी फोन पर बात की। गहलोत ने रक्षा मंत्री से ऑक्सीजन के खाली टैंकर भेजने की एयरफोर्स की सर्विस चालू रखने और सभी जिलों में डीआरडीओ के ऑक्सीजन प्लांट लगाने की मांग रखी। गहलोत ने लिखा- रक्षा मंत्री से भी आग्रह किया कि पहले की तरह खाली ऑक्सीजन टैंकर जामनगर, हजीरा तक भेजने के लिए एयरफोर्स की सेवाएं चालू रखी जाएं।
साथ ही राजस्थान की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए DRDO द्वारा लगाये जाने वाले ऑक्सीजन प्लांट्स की संख्या भी 15 से बढ़ाकर सभी जिलों में स्थापित करने हेतु मांग की है।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) May 16, 2021
राजस्थान की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए DRDO की ओर से लगाए जाने वाले ऑक्सीजन प्लांट्स की संख्या भी 15 से बढ़ाकर सभी जिलों में लगाने की मांग की है।
