किसी भी तरह की त्रुटि के लिए अब RBSE के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे

Now no need to visit RBSE for any kind of error. impact voice news

अजमेर: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड(RBSE ) ने परीक्षा डॉक्यूमेंट्स में संशोधन चाहने वाले अभ्यर्थियों के लिए कोरोनाकाल में सकारात्मक पहल की है। परीक्षा दस्तावेजों(Document) में संशोधन चाहने वाले अभ्यर्थियों को बोर्ड के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह कार्य ऑनलाइन(Online) कर दिया जाएगा। राजस्थान बोर्ड परीक्षा दस्तावेजों में ऑनलाइन संशोधन की सुुविधा उपलब्ध कराने वाला देश का पहला बोर्ड है।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. डी.पी. जारोली ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में प्रतिवर्ष बैठने वाले लाखों अभ्यर्थियों को परिणाम घोषणा के बाद यह महसूस होता है कि उनके परीक्षा दस्तावेजों में स्वयं का नाम, पिता अथवा माता के नाम में त्रुटि है और संंशोधन की आवश्यकता है तो वह बोर्ड के मुख्यालय आते हैं। वांछित दस्तावेजों के अभाव में चाहा गया संंशोधन बोर्ड द्वारा स्वीकार नहीं किया जाता। इस कारण आवेदक को बोर्ड कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे।

मेल पर भेजने होंगे संशोधन के लिए डॉक्यूमेंट्स

नई प्रक्रिया के अनुसार स्वयं के नाम अथवा पिता के नाम अथवा माता के नाम अथवा उपनाम में संशोधन अथवा जन्मतिथि में संंशोधन के लिए आवेदक को बोर्ड की परीक्षा शाखा की ई-मेल आई.डी. bserddexam2@gmail.com पर प्रार्थना पत्र, अंकतालिका अथवा प्रमाण पत्र ,जिसमें संशोधन चाहा गया है, शाला रिकॉर्ड अथवा स्कॉलर रजिस्टर्ड, आठवीं बोर्ड की अंकतालिका व प्रवेश आवेदन पत्र व पूर्व शाला का स्थानान्तरण पत्र स्कैन कर अपलोड करना होगा। बोर्ड कार्यालय द्वारा उक्त मेल प्राप्त होने के पश्चात प्रारम्भिक जांच के लिए शाखा में भेजा जाएगा। यदि प्रारम्भिक जांच में यह पाया गया कि संशोधन उचित है तो 24 घंटे में प्रार्थना पत्र में दिए गए ई-मेल आई.डी. अथवा मोबाइल नम्बर पर निर्धारित संशोधन शुल्क ऑनलाइन पोर्टल पर जमा कराकर चालान निकालने के लिए निर्देश दिए जाएंगे।

यह रहेगी सुविधाएं 

यदि संशोधन स्वयं/पिता/माता के नाम में है, तो उक्त चालान तथा मूल अंकतालिका/प्रमाण पत्र बोर्ड कार्यालय को स्पीड पोस्ट से उप निदेशक परीक्षा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान, अजमेर को भेजना होगा।
जन्मतिथि में संशोधन का प्रकरण है तो प्रारम्भिक जांच में उचित पाए जाने पर छात्र को निर्धारित दिवस को मूल शाला रिकॉर्ड के साथ बोर्ड कार्यालय में उपस्थित होने के लिए निश्चित तिथि और समय दिया जाएगा।
जांच के पश्चात विद्यार्थी को चाहा गया संंशोधित दस्तावेज 15 कार्य दिवस में उसके निवास के पते पर स्पीड पोस्ट से भेज दिया जाएगा।

बोर्ड ने बनाई हेल्प डेस्क

बोर्ड ने इस कार्य के लिए एक हेल्प डेस्क भी बनाई है, जिसका नम्बर 0145-2945678 एवं 0145-2627376 है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *