जयपुर: मदरसा में शिक्षकों को परमानेंट करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे मदरसा पैरा टीचर्स की गुरुवार को पुलिस से झड़प हो गई। जयपुर के शहीद स्मारक पर धरने पर बैठे पैरा टीचर्स दिल्ली की ओर कूच करने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें शहीद स्मारक पर ही रोक लिया। आक्रोशित पैरा टीचर्स ने पुलिस का विरोध शुरू कर दिया, जो हंगामे में बदल गया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कुछ पैरा टीचर्स को चोटें आई हैं।
मदरसा पैरा टीचर्स संयुक्त मोर्चे के संरक्षक शमशेर भालू खान ने बताया कि सरकार ने हमें नियमित करने का वादा किया था। 2 महीने से ज्यादा वक्त बीत जाने के बाद भी सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया। ऐसे में हमने दिल्ली जाकर कांग्रेस मुख्यालय में धरना देने की तैयारी कर रखी थी। राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने हमें जबरदस्ती जयपुर में ही रोक लिया है। जो सरासर गलत है खान ने बताया कि हमारा आंदोलन तब तक जारी रहेगा। जब तक सरकार हमारी मांगों को पूरा नहीं कर देती।
नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलनरत मदरसा पैरा टीचर्स इससे पहले भी जयपुर के शहीद स्मारक पर धरना दे चुके हैं। तब पैरा टीचर्स ने सरकार के आश्वासन के बाद 6 दिन में ही अपना धरना समाप्त कर दिया था। अब एक बार फिर पैरा टीचर जयपुर के शहीद स्मारक पर जुट गए हैं। ऐसे में देखना होगा राजस्थान सरकार पैरा टीचर्स की मांग पर क्या कदम उठाती है।
