जयपुर: जयपुर शहर में नकली (डमी) नोटो की गड्डियों पर असली नोट लगाकर बाजार में सप्लाई करने वाले एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारतीय मनोरंजन बैंक के 77 लाख 50 हजार रुपए बरामद किए है। इसके अलावा चोरी की एक बाइक भी बरामद की है। पुलिस की गिरफ्त में आया ये व्यक्ति नकली नोटों की सप्लाई करने के मामले में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। उसे आज कोर्ट में पेशकर रिमांड पर लिया गया।
डीसीपी (नार्थ) परिस देशमुख ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी खेमचंद बुनकर उर्फ खेमा उर्फ शहनाज बुनकरों की ढाणी, नारदपुरा आमेर का रहने वाला है। सोमवार को डीएसटी के कांस्टेबल कानाराम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाइक पर रुपयों से भरा कट्टा लेकर कहीं जा रहा है। संदिग्ध होने पर जयसिंहपुरा खोर पुलिस टीम ने खेमचंद को कचरा प्लांट के पास रुकवाया। उसकी बाइक पर रखे प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी ली। जिसमें बच्चों के मनोरंजन बैंक लिखे हुए करीब 6 लाख रुपए के नोट मिले है।
आमेर एसीपी सौरभ तिवाड़ी के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है वह नकली नोटो की गड्डियां बनाता है। फिर इन गडि्डयों के ऊपर 500-500 के असली नोट लगा देता है। असली और नकली नोट की इन गडि्डयों को पारदर्शी पॉलीथीन में पैकिंग कर प्लास्टिक की टेप लगा देता है। इसके बाद यह नोट बाजार में सप्लाई करता है।
थानाप्रभारी सत्यपाल यादव ने बताया कि आरोपी खेमचंद बाजार में कुछ लोगों को तीन लाख रूपए के नकली नोटों की गडि्डयां सप्लाई कर एक लाख रुपए वसूलता है। आरोपी पहले भी 2016 में आमेर में नकली नोटों के साथ गिरफ्तार हो चुका है। ।
