जयपुर : विधानसभा की कार्यवाही कल 11 बजे से शुरू होगी। पिछले विधानसभा के बजट सत्र को ही जारी रखते हुए सदन की बैठक बुलाई गई है। कल विधानसभा की कार्यवाही घंटे भर के भीतर ही स्थगित होने की संभावना है। कल चार विधेयक विधानसभा सदन में रखे जाएंगे। इसके बाद 25 दिवंगत नेताओं और आकाशीय बिजली से मरने वालों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद सदन की कार्यवाही अगले दिन के लिए स्थगित हो जाएगी।
विधेयक जो कल सदन में रखे जाएगे
विधानसभा में राजस्थान पर्यटन व्यवसाय संशोधन विधेयक 2021, राजस्थान जीएसटी संशोधन विधेयक, राजस्थान विधियां संशोधन विधेयक 2021 और राजस्थान राज्य पथ परिवहन सेवा बिना टिकट यात्रा निवारण संशोधन विधेयक 2021 रखे जाएंगे। विधानसभा में कल चार विधेयक को इंट्रोड्यूस करने के बाद इन बिलों को आगे की सदन कार्यवाही में पारित करवाया जाएगा।
कल तय होगा कितने दिन चलेगी सदन कार्यवाही
विधानसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद कार्य सलाहकार समिति (बीएसी) की बैठक होगी। बीएसी की बैठक में विधानसभा की कार्यवाही चलने के दिन और कामकाज तय होगा। अब तक की तैयारी के अनुसार चार दिन विधानसभा की कार्यवाही चल सकती है, बीएसी की बैठक में इसे घटाया बढ़ाया भी जा सकता है। कल सुबह 10 बजे विधानसभा की लॉबी में बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक में विधानासभा में सरकार को घेरने की रणनीति बनेगी।
