Headlines

बेरोजगारों का महात्मा गांधी बन सरकार के खिलाफ अनूठा प्रदर्शन, REET भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग

जयपुर: राजस्थान में 31 हजार पदों पर आयोजित अध्यापक पात्रता परीक्षा (REET भर्ती) में पदों की संख्या 50 हजार करवाने की मांग को लेकर बेरोजगारों का आंदोलन पिछले 50 दिनों से जारी है। बेरोजगारों ने सरकार तक अपनी बात पहुंचने के लिए गांधीवादी तरीके का इस्तेमाल किया। जयपुर के शहीद स्मारक पर धरने पर बैठे 3 अभ्यर्थियों ने गांधीजी का वेश धारण कर रीट में पदों की संख्या बढ़ाने की गुहार लगाई। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रदेशभर के बेरोजगार भी शहीद स्मारक पहुंचे।

दरअसल, राजस्थान सरकार ने दो साल पहले शिक्षा विभाग में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के 31 हजार पदों पर REET भर्ती का ऐलान किया था। लेकिन अब तक भर्ती की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। ऐसे में बेरोजगारों ने इसमें पद बढ़ाने की मांग उठाई है। बेरोजगार तृतीय श्रेणी शिक्षकों के 50 हजार पदों पर भर्ती की मांग कर रहे हैं। उनका तर्क है कि दो साल में खाली पदों की संख्या में बढ़ोतरी हो चुकी है। ऐसे में सरकार को रिक्त पदों की संख्या को बढ़ाते हुए 50,000 करना चाहिए। लेकिन बेरोजगारों के विरोध के बाद भी जब सरकार ने उनकी मांग पूरी नहीं की। तो शहीद स्मारक पर धरने पर बैठे तीन बेरोजगार पिछले 3 दिनों से आमरण अनशन पर बैठ गए है।

सरकार इस साल 26 सितंबर को REET का आयोजन करा चुकी है, और रिजल्ट भी जारी हो चुका है। रिजल्ट में 11,04,216 अभ्यर्थियों को शिक्षक पात्रता प्राप्त हुई है। इसमें लेवल वन में 3,30,604 और लेवल टू में 7,73,612 अभ्यर्थियों को पात्रता मिली है। रिजल्ट के बाद से ही पद बढ़ाने की मांग जोर पकड़ रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *