जयपुर: जयपुर के खुर्राट नेता परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास का जलदाय विभाग के इंजीनियर को धमकाती देते हुए लात मारने की चेतावनी का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में खाचरियावास कुछ लोगों के साथ दिख रहे हैं। इसमें वे लात मारने का इशारा करते हुए कह रहे हैं कि पानी का कनेक्शन काटने आए तो दो लात मारिए। मंत्री बोले, कोई होगा कमलेश सिंह। गरीब का पानी बंद नहीं होगा। मैं भगा दूंगा चाहे कोई कितना बड़ा अधिकारी हो। किसी गरीब का पानी का कनेक्शन नहीं काटने दूंगा।
यह वायरल वीडियो जयपुर के हसनुपरा क्षेत्र के चंपानगर नाले के आसपास का बताया जा रहा है। यहां के लोगो ने आकर बिना नोटिस दिए पानी के कनेक्शन काटने की शिकायत की। लोगों की शिकायत पर प्रतापसिंह खाचरियावास ने जलदाय विभाग के कर्मचारियों को जमकर खरी खोटी सुनाई। उसी समय किसी ने यह वीडियो रिकॉर्ड करके वायरल कर दिया। पानी कनेक्शन काटने वालों को दो लात मारने का इशारा करने का यह वीडियो वायरल हो रहा है।
गरीब का पानी बंद नहीं होने दूंगा
वायरल वीडियो पर परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास का कहना है कि कुछ गरीब लोग शिकायत लेकर आए। चंपानगर नाले पर लोग रहते हैं। पैसे बकाया होने के नाम पर उनके कनेक्शन काट दिए। नोटिस भी नहीं दिए। कई लोगों के तो पैसे भी बकाया नहीं हैं, फिर भी कनेक्शन काट दिए। इस वजह से मैंने अफसरों को धमकाया था। आप किसी का पानी कैसे बंद कर सकते हैं? मैं किसी गरीब का पानी तो बंद नहीं होने दूंगा।
