जयपुर: राहुल गांधी के रविवार को जयपुर की रैली में भारत को हिंदुओं का देश बताने के साथ हिंदू बनाम हिंदुत्व पर दिए बयान पर सियासी विवाद जारी है। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने एक बार फिर राहुल गांधी और गांधी परिवार को निशाने पर लिया है। गुलाबचंद कटारिया ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा- अपने आपको हिंदू बता रहे हो तो मुझे केवल इतना ही बता दीजिए कि आपकी तीन पीढी ने हिंदुओं को काई त्योंहार मनाया क्या? अगर आपकी तीन पीढ़ी ने होली,दिवाली, रक्षाबंधन सहित कोई भी हिंदू पर्व अपने घर में कभी मनाया हो तो उसका कोई फोटो डाल दीजिए,जिससे यह पता लगे कि आप हिंदू होकर हिंदुओं के तीज-त्योहार मनाते हो, उसकी जानकारी मिल जाए।
कटारिया ने कहा- जिस मुद्दे को आप उठा रहे हो, आपसे वरिष्ठ नेता और परिवार के लोग पहले रहे हैं, उन्हें शायद यह ज्ञान नहीं था कि हिंदू क्या है और हिंदूवादी क्या होता है? यह पहली बात बताया है। जहां तक मैं सोचता हूं कि इस प्रकार लोगों की भावनाओं को अपनी तरफ मोड़ना चाहते हैं, इसीलिए ये हिंदू और हिंदुत्व जैसी बहस में लोगों को बांटना चाहते हैं। कांग्रेस का आंदोलन महंगाई विरोधी नहीं है, पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक मोर्चा बनाने की कोशिश है जो चलने वाली नहीं है। पीएम मोदी ने जिस ढंग से देश को खड़ा किया है,गरीबों के लिए योजनाएं चलाई हैं और भ्रष्टाचार को घटाया है,उस व्यक्ति का मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं।
