जयपुर: दौसा जिले के महुवा विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित निर्दलीय विधायक ओमप्रकाश हुड़ला (MLA Om Prakash Hudla) को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली। इस धमकी को लेकर राज्य सरकार ने उनको ‘वाई प्लस श्रेणी’ की सुरक्षा (Y plus category security) मुहैया करा दी है। वाई प्लस श्रेणी के तहत विधायक ओमप्रकाश हुड़ला को 11 जवान मिलेंगे। राज्य के गृह विभाग ग्रुप-9 की ओर से जारी आदेश के अनुसार इनमें दो ब्लैक कमांडो विधायक हुड़ला के साथ रहेंगे। जबकि 5 जवान विधायक के घर पर रहेंगे। राज्य के गृह विभाग के संयुक्त शासन सचिव देवेंद्र कुमार के हस्ताक्षर से जारी ये आदेश एडीजी इंटेलीजेंस को दिए गए हैं।
महुवा विधायक हुड़ला को हाल ही में फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद विधायक हुडला ने राज्य सरकार से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। विधायक हुड़ला ने इस संबंध में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए पत्र भी लिखा था। विधायक ने अपने ऊपर हुए हमले की एफआईआर भी पुलिस थाने में दर्ज कराई थी। विधायक ओमप्रकाश हुड़ला को जान से मारने की धमकी मिलने से पहले उन पर महुआ में हमला हुआ था। विधायक ने शराब माफियाओं पर हमला करने का आरोप लगाया था।
