जयपुर : UPSC टॉप करने वाली IAS टीना डाबी और उनके IAS पति अतहर आमिर के तलाक को फैमिली कोर्ट ने मंजूरी दे दी है। दोनों ने आपसी सहमति से करीब 9 महीने पहले जयपुर के फैमिली कोर्ट में अर्जी दी थी। मंगलवार को कोर्ट ने उस पर फैसला सुनाया। दोनों कोर्ट में पेश भी हुए थे। मार्च 2018 में हुई दो आईएएस अफसरों की यह शादी काफी चर्चित रही थी। अतहर कश्मीरी हैं, जबकि टीना का जन्म भोपाल (मध्य प्रदेश) में हुआ है।
भोपाल में जन्मी हैं टीना, जयपुर का है परिवार
टीना डाबी का परिवार मूलत: जयपुर का है। हालांकि, उनका जन्म भोपाल में हुआ। कान्वेंट ऑफ जीसस एंड मेरी स्कूल से पढ़ी टीना शुरू से ही टॉपर रही हैं। जब 7वीं क्लास में थीं, तभी उनका पूरा परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया। टीना के पिता जसवंत डाबी और मां हिमानी दोनों ही इंजीनियर रहे हैं।
