जयपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार के शांतिकुज हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्व विद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या रविवार को एक दिवसीय यात्रा पर जयपुर आए। यहां उन्होंंने गायत्री परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ शांतिकुंज स्वर्ण जयंती महोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की। वे गायत्री परिवार राजस्थान के वृक्ष गंगा अभियान के प्रभारी विष्णु गुप्ता के असामयिक निधन पर शोक संतप्त परिजनों को ढांढ़स बधाने के लिए टोंक रोड सीताबाड़ी स्थित निवास पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट की।
विष्णु गुप्ता की पत्नी पुष्पा गुप्ता, पुत्री प्रियंका, श्वेता और पुत्र भावेश गुप्ता को ढांढ़स बढ़ाया। डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा कि विष्णु गुप्ता का पूरा जीवन पर्यावरण के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने अपने जीवन काल में एक लाख से अधिक पौधे लगवाए। वे पौधारोपण अभियान के वन मैन आर्मी सच्चे अर्थों में तरू पुत्र और पर्यावरण प्रेमी थे।
गायत्री परिवार प्रमुख डॉ. प्रणव पंड्या और शैलबाला पंड्या ने भी शोक संवेदना जताई। गायत्री परिवार जयपुर के प्रभारी ओम प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि विष्णु गुप्ता के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में कई सालों से पौधरोपण अभियान जोर शोर से चल रहा था। ढूंढ नदी उद्गम स्थल, मलयगिरी पर्वत माला सहित कई पहाड़ों पर मुख्य रूप से पौधरोपण किया जा रहा था ताकि लुप्त हो चुकी नदी पुनः प्रवाहित हो।।इसके अलावा विद्यालयों, विभिन्न गौशालाओं में भी पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा था जिसके बहुत अच्छे परिणाम आए हैं।
गायत्री परिवार के राजस्थान प्रभारी जय सिंह यादव, उप जोन संयोजक सुशील कुमार शर्मा, गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के व्यवस्थापक रणवीर सिंह चौधरी, गायत्री चेतना केंद्र मानसरोवर के व्यवस्थापक नेतराम शर्मा, गिरधर गोपाल आसोपा, वरिष्ठ कार्यकर्ता दीपक नन्दी, सतीश भाटी, डॉ प्रशांत भारद्वाज सहित अनेक लोगों ने विष्णु गुप्ता के निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की है।
उल्लेखनीय है कि विष्णु गुप्ता ने अपने अंतिम दिनों में महिंद्रा सेज क्षेत्र के गांव में घर में तैयार तुलसी के करीब 200 पौधे वितरित किए थे । दो गौशालाओं में करीब 500 अशोक के पौधे लगवाए थे। भाद्रपद कृष्ण एकादशी का व्रत रखे हुए एकादशी तिथि को विष्णु गुप्ता श्री हरि के चरणों में लीन हो गए। रविवार को टोंक रोड स्थित जमुना गार्डन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में करीब 1000 परिजनों ने आवागमन प्रस्थान के रूप में विष्णु गुप्ता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर गायत्री परिवार की ओर से सभी लोगों को तुलसी का पौधा भेंट किया गया।


