जयपुर : राज्य में 13 से 15 सितंबर तक आयोजित हुई सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा (SI Exam 2021) में हुई धांधली की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रदेश भर के युवाओं ने जयपुर में प्रदर्शन किया। जयपुर शहर के शहीद स्मारक पर राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के बैनर तले बड़ी संख्या में युवाओं ने धरना दिया। इस दौरान युवाओं ने सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा की निष्पक्ष जांच कराने और भर्ती परीक्षा को रद्द करने की मांग की है।
सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा देने वाले युवा सुमित शर्मा ने बताया कि शुरुआत से ही भर्ती परीक्षा विवादों में रही है। सबसे पहले महज 9 लाख अभ्यार्थियों वाली इस परीक्षा को 3 दिन में विभाजित किया गया। जबकि राजस्थान में 25 लाख से ज्यादा अभ्यार्थियों की रीट परीक्षा 1 दिन आयोजित हो रही है। लेकिन परीक्षा के पहले दिन ही जब पेपर लीक हो गया तो भर्ती परीक्षा को रोका नहीं गया। बल्कि अब तक सरकार ने इस पूरे मामले पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। ऐसे में भर्ती परीक्षा की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही नए सिरे से सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा आयोजित करवाई जानी चाहिए। ताकि प्रदेश के बेरोजगारों को राहत मिल सके।
वहीं राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र यादव ने कहा कि परीक्षा में हुई धांधली के बाद RPSC के चेयरमैन भूपेंद्र यादव को इस्तीफा लिया जाना चाहिये। क्योंकि बीकानेर से पेपर लीक होकर हजारों लोगों तक पहुंच गया। लेकिन उसके बाद भी भर्ती परीक्षा को नहीं रोका गया। ऐसे में इस पूरी भर्ती प्रक्रिया में सरकार को सख्त कदम उठाने की जरूरत है। वरना प्रदेश के लाखों बेरोजगारों के साथ धोखा होगा। जिसका राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ पुरजोर विरोध करेगी।
दरअसल राजस्थान पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के पहले ही दिन पेपर लीक प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। इसके बाद अभ्यर्थी की ओएमआर शीट और परीक्षा केंद्र का वीडियो भी वायरल हुआ था। जिसके बाद युवाओं ने परीक्षा रद्द करने की मांग की थी। लेकिन सरकार द्वारा अब तक इस परीक्षा को रद्द करने का फैसला नहीं लिया गया है। ऐसे में प्रदेशभर के बेरोजगारों ने सरकार के खिलाफ धरना देकर भर्ती परीक्षा रद्द कर नए सिरे से भर्ती परीक्षा कराने की मांग की है।
