जयपुर : सवाई मानसिंह चिकित्सालय स्थित जे एम ए सभागार में आज निजी अस्पतालों में कार्यरत कोरोना वॉरियर्स नर्सेज का सम्मान समारोह आयोजित कर मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर उनको सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि निदेशक जन स्वास्थ्य डॉ के के शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा क्लिनिकल इस्टैब्लिशमेंट एक्ट के अंतर्गत निजी क्षेत्रों में कार्यरत चिकित्सा कर्मियों के हितों में भी प्रभावी कार्य किया जाएगा साथ ही निजी चिकित्सालय में कार्यरत चिकित्सा कर्मियों जिनकी मृत्यु कोरोना से हुई है। उनको भी राज्य सरकार से 50,00000 की राशि दिलवाई जाएगी।
समारोह की अध्यक्षता अतिरिक्त निदेशक चिकित्सा प्रशासन डॉ एस के परमार एवं विशिष्ट अतिथि बिलाडा बीसीएमओ डॉ जितेंद्र चारण एवं राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक डॉ शशिकांत शर्मा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह शेखावत प्रदेश अध्यक्ष प्यारेलाल चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री सुनील शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी क्षेत्र में कार्यरत कोरोना वॉरियर्स के सम्मान में तो कई समारोह आयोजित किए गए। परंतु निजी क्षेत्र में कार्यरत कोरोनावरियर्स के लिए प्राइवेट नर्सेज एसोसिएशन द्वारा आयोजित किया गया यह पहला सम्मान समारोह है।
उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में कार्यरत नर्सेज ,नर्सेज शिक्षक एवं नर्सिंग छात्र छात्राओं की समस्याओं को राज्य सरकार से वार्ता के माध्यम से हल कराया जाएगा। समारोह में स्वागत उद्बोधन में राजस्थान संविदा नर्सेज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गिरीश शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।
वहीं राजस्थान प्राइवेट नर्सेज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। प्राइवेट नर्सेज एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री संदीप यादव ने निजी क्षेत्र में कार्यरत नर्सेज का न्यूनतम वेतन उच्चतम न्यायालय के आदेश अनुसार 20,000 करने एवं निजी चिकित्सालयों में नर्सेज की समस्याओं का मुद्दा उठाया।
जिस पर निदेशक जन स्वास्थ्य ने सभी समस्याओं को सरकार से वार्ता के माध्यम से हल कराने का आश्वासन दिया। समारोह में स्वास्थ्य कल्याण नर्सिंग कॉलेज प्रिंसिपल डॉ सतीश अवस्थी, आरआर नर्सिंग कॉलेज प्रिंसिपल राजकुमार गिल, देवेंद्र यादव, ओम प्रकाश स्वामी, विशाल टाक ,रूंगटा हॉस्पिटल अधीक्षक अशोक शर्मा ,मनीष शर्मा ,हेमंत त्यागी सहित सैकड़ों नर्सेज कर्मी मौजूद रहे।
