जयपुर: राजधानी जयपुर में दीपावली के बाद कोरोना के केस बढ़ते जा रहे है। कोरोना के आज 9 नये मरीज मिले है। इसमें 3 बच्चे भी शामिल है। एक दिन पहले चार बच्चे पॉजिटिव मिलने के बाद आज भी स्कूल में रेगुलर पढ़ने वाले दो बच्चे पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वहीं लगातार राजधानी में संक्रमित बच्चे मिलने से अब माता-पिता भी बच्चे की हैल्थ को लेकर चिंतीत होने लगे है।
जयपुर सीएमएचओ से मिली रिपोर्ट के मुताबिक आज जो 3 बच्चे मिले है उसमें दो स्कूल के दो ऐसे बच्चे है, जो रेगुलर स्कूल में क्लास लेते थे, जबकि एक अन्य बच्चा जो पॉजिटिव मिला है वह घर से ही ऑनलाइन पढ़ाई कर रहा था।
जयपुर सीएमएचओ डॉ. नरोत्तम शर्मा ने बताया कि जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हमारी मेडिकल टीम ने उन बच्चों के कॉन्टेक्ट में आए अन्य बच्चों की ट्रेसिंग शुरू करवाकर सैंपलिंग करना शुरू कर दिया है। जयपुर में एरियावाइज स्थिति देखे तो आज महेश नगर, सोडाला में 2-2, सिविल लाईन्स, सी-स्कीम, जयसिंहपुरा खोर, जौहरी बाजार और अजमेर रोड क्षेत्र में एक-एक मरीज मिला है।
3 दिन में 20 बच्चे मिले पॉजिटिव
जयपुर सीएमएचओ की रिपोर्ट को देखे तो पिछले 3 दिन के अंदर 20 स्कूली बच्चे पॉजिटिव मिले है। इसमें 14 बच्चे तो केवल एक ही स्कूल के पॉजिटिव मिले है, जिसके बाद स्कूल को आगामी कुछ दिनों के लिए बंद करके ऑनलाइन क्लास चलाने के निर्देश दिए है। वहीं अब सरकार ने नई गाइडलाइन जारी कर दी है, ऐसे में जिस भी स्कूल में कोई बच्चा ऑफलाइन क्लास में पॉजिटिव मिलता है तो सरकार उस स्कूल को 10 दिनों के लिए बंद करके ऑनलाइन ही क्लास संचालित करने के निर्देश देगी।
अजमेर में फ्रांस की महिला कोरोना पॉजिटिव
वही अजमेर में भी कोरोना की तीसरी लहर का खतरा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को फ्रांस से आई एक महिला पॉजिटिव आई है। महिला की रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद मेडिकल टीम होटल पहुंची और यहां संपर्क में आए 10 लोगों के सैंपल लिए हैं। दरअसल, फ्रांस से आई महिला टूरिस्ट पिछले शुक्रवार को दिल्ली आई थी। वहां से मंगलवार को पुष्कर पहुंची। महिला पंचकुंड स्थित एक होटल में रुकी हुई थी। पुष्कर अस्पताल प्रभारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि पॉजिटिव मरीज सामने आने के बाद स्टाफ और लोगों की जांच कर उन्हें क्वारैंटाइन किया गया है। महिला की तबीयत खराब होने पर गुरुवार को उसने प्राइवेट लैब में कोविड जांच करवाई थी। मेडिकल टीम का कहना है कि महिला वैक्सीनेटेड है। उसका दोबारा सैंपल लिया गया है।
