जयपुर। गलता तीर्थ के पास आमागढ़ फोर्ट पर भगवा ध्वज फाड़ने का विवाद गहराता जा रहा है। गंगापुर से निर्दलीय विधायक रामकेश मीणा ने आमागढ़ फोर्ट को मीणा समाज की आस्था का केंद्र बताते हुए हिंदू संगठनों पर वहां मूर्तियां तोड़कर नई मूर्तियां रखने का आरोप लगाया तथा कहा कि ध्वज फाड़ा नहीं उतारा था। इस मामले में ट्विटर पर जंग चल रही है।
आमागढ़ फोर्ट से भगवा ध्वज को फाड़ने और उसका अनादर करने का वीडियो वायरल हुआ था। उस वीडियो में रामकेश मीणा भी दिख रहे हैं। ट्विटर पर आमागढ मामले में एक पक्ष रामकेश मीणा के पक्ष में तो दूसरा विरोध में ट्वीट कर रहा है।ट्विटर पर #Arrest_Ramkesh_Meena और #मैं_रामकेश_मीना_के_साथ_हूं ट्रेंड कर रहा है। एक पक्ष भगवा ध्वज के अपमान का मुद्दा उठाते हुए निर्दलीय विधायक रामकेश मीणा की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। दूसरा पक्ष आमागढ़ को मीणा आदिवासी समाज की आस्था का केंद्र बताते हुए रामकेश मीणा के समर्थन में खड़ा है। आमागढ़ मामले में थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।
निर्दलीय विधायक रामकेश मीणा ने कहा कि आमागढ फोर्ट में हमारी कुलदेवी आंबामामता का मंदिर है। मीणा समाज के लोग आज भी वहां पूजा अर्चना को जाते हैं। यह हमारी धार्मिक आस्था से जुड़ा मंदिर है। कुछ भूमाफिया किस्म के लोगों ने पिछले दिनों मंदिर में प्रवेश कर वहां शिव पंचायत की मूर्तियां तोड़कर नई मूर्तियां स्थापित कर दीं। यह आंबेश्वर महादेव मंदिर नहीं है। आंबा माता का मंदिर है। आमागढ़ में मूर्ति तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। आरएसएस, वीएचपी (विश्व हिंदू परिषद) के लोग आदिवासियों के जबर्दस्ती पीछे पड़े हैं। वे हमारी पहचान मिटाना चाहते हैं।


